अनोखा तीर, हरदा। बसंत पंचमी के पावन पर्व पर सरस्वती शिशु मंदिर, गुलजार भवन, हरदा में विद्यारंभ संस्कार, माँ सरस्वती पूजन एवं वैदिक यज्ञ-हवन का भव्य आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के आचार्य मिलिंद सूभेदार के पंडित्यकर्म एवं मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वातावरण ज्ञान, साधना और संस्कारों से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित नवीन अभिभावकों एवं विद्यारंभ संस्कार हेतु आए शिशुओं ने अपने माता-पिता के साथ चारों पवित्र वेद ग्रंथों की शोभायात्रा विद्यालय से सत्यनारायण मंदिर तक निकाली। इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक संदीप केकरे हरदा जिला प्रतिनिधि एवं सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान के सम्मानित सदस्य तथा संस्था के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यारंभ संस्कार बालकों के जीवन में संस्कारों की प्रथम सीढ़ी है, जो उन्हें ज्ञान, विवेक और राष्ट्रसेवा की दिशा प्रदान करता है। यज्ञ-हवन में विद्यालय के सभी भैया-बहनों ने सहभागिता कर माँ सरस्वती से विद्या, सद्बुद्धि एवं चरित्र निर्माण का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान संपूर्ण परिसर भक्तिमय, अनुशासित एवं संस्कारयुक्त वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा, जिससे यह आयोजन स्मरणीय एवं प्रेरणादायक बन सका।

