अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकास खंड हरदा द्वारा संचालित ग्रामोदय से अभ्युदय पखवाड़े के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय आयोजन ग्राम करनपुरा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नाटक अपना कोई खो दिया का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक के दौरान शाला प्राचार्य भावुक होकर कहने लगे कि मेरा दोस्त नशे में खो दिया। नाटक कलाकार परामर्शदाता सरेंद्र सिंह चौहान ने नाटक की प्रस्तुति दी। नाटक ने अपने कथानक के माध्यम से विषय से जागरूक करते हुए संदेश दिया और पूरी प्रस्तुति ने बच्चों, शाला परिवार तथा ग्रामीणों की आंखों में आंसू ला दिए। नाटक के एक प्रसंग में जब स्वयं अभिनयकर्ता कहता है मुझे मार जाओ तो, वह दृश्य दर्शकों में गहरी भावुकता उत्पन्न करता है। मंचन के दृश्य सीधे हृदय पर प्रभाव डालते हैं और जनमानस को सोचने पर मजबूर करते हैं। बच्चों की आंखों में आंसू के साथ नाटक से जुड़ाव साफ नजर आया। संभव है कि कई लोगों को अपने किसी खोने का दर्द, बिछड़ने का वियोग या चिंता इस मंचन के विषय से जुड़ गया हो। नाटक के बाद शपथ के साथ आयोजन का समापन हुआ। इस अवसर पर शाला प्राचार्य श्रीमति मधु उइके, नवांकुर संस्था सदस्य शैलेन्द्र राजपूत, प्रस्फुटन समिति के भगवान दास यादव, दीपेश विश्नोई, परामर्शदाता सुरेन्द्र सिंह चौहान, सहयोगी दीपांशु सोनी, शिखा सारन तथा शाला परिवार सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

