Skip to content
Saturday, 24 October 2026
बैतूल मध्य प्रदेश

संघ के जिला प्रचारक से मुस्लिम युवकों ने की मारपीट

3 min read
Text Size:

– बाजार बंद कर मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम
-एसपी ने थाना प्रभारी को हटाया, दो सबइंस्पेक्टर को किया निलंबित
अनोखा तीर, मुलताई। नगर में शाम फव्वारा चौक से गांधी चौक रोड पर स्थित एक दुकान के सामने आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव तथा मुस्लिम युवकों का विवाद हो गया, जिसमें मारपीट भी हुई। अचानक हुए विवाद से नगर का माहौल गरमा गया। इस दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जहां मार्ग पर चक्काजाम किया, वहीं मुस्लिम युवकों के घर के सामने जमघट लग गया। इस दौरान एसडीओपी एसके सिंह एवं थाना प्रभारी देवकरण डहरिया सहित पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन हिंदु संगठन के कार्यकर्ता मुस्लिम युवकों को तत्काल गिरफ्तार करने को लेकर अड़े रहे। घटना से पूरे नगर में हड़कंप मच गया एवं साप्ताहिक बाजार होने से मुख्य मार्ग पर भी अफरा तफरी मच गई। इधर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया। वहीं मुख्य मार्ग पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक तथा कलेक्टर तत्काल मुलताई पहुंचे। घटना के बाद तत्काल व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी वहीं हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी नारेबाजी करते हुए दुकान बंद कराते नजर आए। इधर घटना का पता चलते ही थोड़ी ही देर में पूरा नगर बंद हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा घटना के बाद मुस्लिम युवकों को नही पकड़ने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क गए। जिससे स्टेशन मार्ग पर पुलिस से भी झूमाझटकी हुई। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर द्वारा थाने में दोनों पक्षों से चर्चा की जा रही है।
टीआई को हटाया दो एसआई सस्पेंड
एसपी वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि रात्रि में घटना के बाद मुलताई थाना प्रभारी रविकांत डहेरिया को हटा दिया गया है वहीं दो सब इंस्पेक्टरों को सस्पेंड किया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है जिसमें 15 नामजद आरोपी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था नियंत्रण में है।
कलेक्टर-एसपी की सतर्कता से शांत हुआ मामला
घटना के बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी वीरेंद्र जैन मुलताई पहुंचे। स्थिति बिगड़ते देख दोनों अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने दोनों समुदाय की भीड़ के अंदर घुसकर उन्हें घर वापस जाने के लिए प्रेरित किया और उनके प्रयास के बाद भीड़ वापस गई और रात में स्थिति नियंत्रण में हुई। वहीं एसपी वीरेंद्र जैन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। दोनों अफसरों की सूझबूझ की वजह से बड़ी घटना होने से टल गई। दोनों अफसरों के अथक प्रयासों की वजह से ही मुलताई में कानून व्यवस्था शांति में तब्दील हो सकी है।

356 Views
What do you think?

Leave a Reply