अनोखा तीर, सिवनी मालवा। चंदाखड़ के पास 2 दिन पहले रात जुए के अड्डे पर मची भगदड़ में एक युवक विकास की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक भागने की कोशिश में खेत में लगे बिजली के तारों की चपेट में आ गया था, जिससे मौके पर ही दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने 10 लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात जुए के फड़ पर अचानक कुछ लोग पहुंचे और उन्होंने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे वहां जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी भगदड़ के दौरान नाबालिग बिजली के तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि उन्हें चंदाखड़ में करंट लगने से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी, कार्रवाई की जाएगी। गांव में चल रहे जुए के फड़ पर मारपीट की घटना की पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार जुआ का अड्डा सिवनी मालवा निवासी एक व्यक्ति लंबे समय से चला रहा था। बताया गया कि जुए की फड़ पर जीत हार को लेकर जुआरियों के बीच विवाद हो गया और यह विवाद मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें धारदार हथियार भी चले। जानकारी यह भी है कि गोली भी चली है जिसकी आवाज आसपास के लोगों को सुनाई दी है। घटना के संबंध में अभी पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। यहां तक कि मृतक के नाम का भी बड़ी मुश्किल से खुलासा हुआ। मृतक की मौत का कारण भी करंट लगने से होना बताया जा रहा है।
Views Today: 2
Total Views: 426
