Skip to content
Tuesday, 3 November 2026
बैतूल मध्य प्रदेश

नकली सोना बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

3 min read
Text Size:

– ३ आरोपियों से जब्त किया 1.5 किलो नकली सोना
अनोखा तीर, बैतूल : शहर में नकली सोना बेचने वाले गिरोह की गतिविधियों की सूचना लगातार प्राप्त हो रही थी। पुलिस अधीक्षक बैतूल निश्चल एन. झारिया के निर्देशानुसार नकली सोना बेचने वाले गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। एएसपी श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल सुश्री शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1.5 किलो नकली सोने का हार बरामद किया। इसका खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया। एसपी निश्चल एन झारिया ने बताया कि 8 जनवरी को फरियादी रामदास उईके, निवासी वन ग्राम बीजादेही ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ दिन पहले काकोड़िया अस्पताल बैतूल में उसकी मुलाकात चुन्नीलाल सोलंकी, निवासी गांधी नगर, भोपाल से हुई थी। चुन्नीलाल ने बताया कि जबलपुर में खुदाई के दौरान उसे 1.5 किलो का सोने का हार मिला है जिसे वह बेचने का इच्छुक है। चुन्नीलाल ने हार को सस्ते में बेचने की पेशकश की और 10 लाख रुपए का सौदा तय हुआ।
 ठगी का एहसास होने पर पुलिस को दी सूचना
एसपी ने बताया कि पूछताछ में रामदास ने बताया कि उसने आरोपी से कहा कि उसके पास केवल 2 लाख रुपए हैं, जिस पर आरोपी चुन्नीलाल द्वारा कहा गया कि अभी 2 लाख रुपए दे दो बाकी पैसे बाद में दे देना। रामदास द्वारा आरोपी चुन्नीलाल को 10 हजार रुपए एडवांस दिए और 08 जनवरी को काकोड़िया अस्पताल के पास सौदा करने को कहा। शाम को रामदास अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा, जहां चुन्नीलाल अपने साथी देबू बघेल और कंकू बाई के साथ पहुंचा। चुन्नीलाल ने रामदास को हार सौंपा, लेकिन रामदास को हार नकली लगा। रामदास द्वारा स्वयं को ठगे जाने की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 1.5 किलो नकली सोने का हार बरामद किया। कोतवाली पुलिस ने चुन्नीलाल पिता मोहनलाल सोलंकी 35 वर्ष, जाति पारधी निवासी गांधी नगर, नई बस्ती, भोपाल, देबू बघेल पिता भीमसिंह बघेल 26 वर्ष, जाति पारधी निवासी गांधी नगर, नई बस्ती, भोपाल, कंकू बाई सोलंकी पति शंकर सोलंकी 40 वर्ष, जाति पारधी निवासी गांधी नगर, नई बस्ती, भोपाल को गिरफ्तार कर 1.5 किलो नकली सोने के हार जब्त किया है। पुलिस ने थाना कोतवाली बैतूल में अपराध क्रमांक 23/2025, धारा 318 (1), 318(2), 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया, एसआई वहीद खान, एएसआई शैलेन्द्र वर्मा, आरक्षक शुभम चौबे, नितिन चौहान, नवनीत वर्मा, शिव कुमार और महिला आरक्षक वर्षा नागले, महिला आरक्षक ज्योति की सराहनीय भूमिका रही।
एसपी ने जनता से की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल निश्चल एन. झारिया ने आम जनता से अपील की है कि सोना-चांदी की खरीदारी हमेशा रजिस्टर्ड दुकानों से ही खरीदें। यदि कोई अज्ञात व्यक्ति सोना-चांदी बेचने का प्रयास करता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 100/112 पर सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

300 Views
What do you think?

Leave a Reply