पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश…

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

चारखेड़ा के पास खेत के नाले में मिली थी रेलवे वेंडर की सड़ी हुई लाश

-पत्नी से प्रेम संबंध के शक में पति ने दो दोस्तों के साथ मिलकर गला घोंटा

अनोखा तीर, हरदा। बीते २७ दिसंबर को टिमरनी थाना क्षेत्र के चारखेड़ा गांव के पास खेत के नाले में मिले वेंडर के शव के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अपनी पत्नी और वेंडर के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी कारण उसने पूर्व के अपराधी दो दोस्तों के साथ मिलकर वेंडर की हत्या कर दी। गुरूवार को एसपी अभिनव चौकसे ने प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि बीते 27 दिसंबर को चारखेड़ा के आशाराम आश्रम के पास चार से पांच दिन पुराना एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पीएम कराया, जिसमें उसकी गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई थी। मृतक चेतराम पिता घासीराम संगुल्ले उम्र 48 वर्ष निवासी इटारसी था और ट्रेन में वेंडर का काम करता था। जांच के दौरान सामने आया कि उसका ट्रेन के अन्य वेंडरों से विवाद हुआ था। पुलिस ने जब ट्रेन में काम करने वाले वेंडरों से पूछताछ की तो 15-20 दिन पहले चेतराम और खंडवा के रहने वाले मुख्य आरोपी जमील खान के बीच खंडवा स्टेशन पर मारपीट होने की बात पता चली। चेतराम इटारसी से खंडवा के बीच ट्रेन में चलता था। वहीं, आरोपी जमील की पत्नी भी ट्रेन में वेंडर थी। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने दो साथी रसीद खान और अनिल गोड़ के साथ मिलकर चेतराम की हत्या कर दी।

 

ट्रेन से उतारकर खेत में ले गए और गला घोट कर की हत्या

एसपी चौकसे ने बताया कि आरोपी जलील ने प्लानिंग के तहत गत 22 दिसंबर को चारखेड़ा स्टेशन पर पठानकोट एक्सप्रेस के खड़े होने पर चेतराम से विवाद किया। जिसके बाद उसे समझाने के बहाने अपने साथ सुने खेत में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद गले में लगे आई कार्ड के पट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को फेक कर सभी फरार हो गए।पुलिस ने मुख्य आरोपी जमील खान को खंडवा से अरेस्ट किया है। जिसने अपना जुर्म कबूल लिया है। जमील के दो साथी पूर्व में भी हत्या के आरोपी रहे है।

यह था घटनाक्रम

२७ दिसंबर की सुबह चारखेड़ा के पास बने आशाराम आश्रम के पास खेत में काम कर रहे मजदूरों को दुर्गंध आ रही थी। जब पास जाकर देखा तो, वहां पर एक व्यक्ति का सड़ा हुआ शव दिखाई दिया। जिसके बाद उन्होंने खेत मालिक को सूचना दी। खेत मालिक ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को बुलाया। इस दौरान जांच में मृतक की पहचान इटारसी निवासी चेतराम सांगुले के रूप में हुई है। उसके परिजनों ने इटारसी सिटी कोतवाली में 22 दिसंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में एसडीओपी आकांक्षा तलया, थाना प्रभारी टिमरनी रोशनलाल भारती, निरीक्षक रामप्रसाद कवरेती, उनि सीताराम पटेल, उनि अजय रघुवंशी, सउनि जगन इवने, सउलि माधव भाट, प्रआर राममोहन चिचाम, जीआरपी आरक्षक विजय बांके और आर अभिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने की अनोखा तीर के वार्षिक कैलेंडर की सराहना

गुरूवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति ने अनोखा तीर के वार्षिक कैलेंडर को देख उसमें अंकित जानकारियों और गुणवत्ता की सराहना की। पुलिस कप्तान अभिनव चौकसे के हाथ में जैसे ही कैलेंडर पहुंचा तो खुशी जाहीर करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी तो हमें बड़ी जरूरत थी। साथ ही कैलेंडर में प्रकाशति जानकारी को देखते हुए श्रीमति महोबिया और श्री प्रजापति ने तारीफ करते हुए कहा कि इसमें अतिमहत्वपूर्ण जानकारियों का संग्रहण किया गया है। अनोखा तीर के वार्षिक कैलेंडर को पाकर सभी ने प्रसन्नता जाहिर की।

Views Today: 2

Total Views: 610

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!