Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री सारंग ने किया फिट इंडिया वीक 2024 का शुभारंभ

3 min read
Text Size:

’स्वस्थ भारत- समृद्ध भारत’ के निर्माण में सहभागिता के लिये फिट रहना जरूरी

भोपाल:- खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र (सीआरसी), भोपाल में ‘फिट इंडिया वीक 2024’ और फिट इंडिया जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से संवाद कर उन्हें फिट और सक्रिय जीवन-शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मंत्री श्री सारंग ने फिट इंडिया प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रेरणा से फिट इंडिया मिशन एक जन-आंदोलन बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही एक सक्रिय, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन-शैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि भारत का प्रत्येक नागरिक देश की पूंजी है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश के विकास में योगदान दे सकता है। इसीलिये सभी को फिट रहना बेहद जरूरी है।

फिट इंडिया के संकल्प को आत्मसात कर हर दिन आधा घंटा करें व्यायाम

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है, और फिटनेस को जीवन का अभिन्न अंग बनाना बेहद जरूरी है। फिट इंडिया वीक 2024 के माध्यम से युवाओं से लेकर हर पीढ़ी को फिटनेस के प्रति जागरूक किया जायेगा। उन्होंने युवाओं से आवाह्न करते हुए कहा कि सभी अपने दिन में व्यायाम के लिये आधा घंटा अवश्य निकालें, जिससे सभी फिट रहे। साथ ही औरों को भी इसके लिये प्रेरित करें।

प्रदर्शनी का आकर्षण

मंत्री श्री सारंग ने फिट इंडिया प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार के महत्व को रेखांकित करते हुए कई रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं थी। इसमें बॉडी कंपोजिशन, हेल्थ रिलेटेड कंपोनेंट, फिजिकल स्ट्रेंथ, फ्लेक्सिबिलिटी, योगा सहित विभिन्न स्टॉल लगाये गये थे। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और फिटनेस के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना था।

पैरालंपियन खिलाड़ियों ने साझा किये अपने अनुभव

कार्यक्रम में पैरालंपियन सुश्री प्राची यादव एवं पैरालंपियन यश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए उपस्थित युवाओं को प्रेरित किया और फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर एसएआई-सीआरसी भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जूडो ट्रफ का किया अवलोकन

मंत्री श्री सारंग ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र में जूडो ट्रफ में नवीन जूडो डमी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद भी किया। इस नवीन जूडो डमी के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक और उन्नत प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी, जिससे उनके प्रदर्शन में सुधार होगा और वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

594 Views
What do you think?

Leave a Reply