-गड्ढों को दो दिन में दुरुस्त नहीं करने पर प्रशासन को दी चक्काचाम की चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। बुधवार को हरदा के कांग्रेस विधायक डॉ. आरके दोगने के द्वारा अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। बिना हिचकीचाहट के विधायक अपने समर्थकों के साथ सड़क के बीच कीचड़ भरे गड्ढे में बैठ गए। मुद्दा था इंदौर -बैतूल नेशनल हाइवे के अधूरे निर्माण से यात्रियों को हो रही परेशानी का। विधायक द्वारा इस संबंध में पूर्व में पत्र लिखकर सड़क की खराब हालात के बारे में बताते हुए सुधार करने की मांग की गई थी। पत्र पर कोई कार्यवाही नहीं होने के कारण नाराज विधायक अपने सर्मथकों के साथ नेशनल हाईवे स्थित पीडगांव पहुंचे और सड़क बीच कीचड में बैठ गए। कीचड़ में बैठे विधायक ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने और उसके गड्डों की मरम्मत करने की मांग की। विधायक डॉ दोगने ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर सड़क के गड्डों को नहीं भरा गया, तो वह अपने समर्थकों के साथ चक्काजाम करते हुए उग्र आंदोलन करेंगे। वही कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हाईवे के हाल बदहाल हैं। इससे सड़क हादसे बढ़ गए हैं। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। विधायक दोगने का कहना है कि सड़को में गड्डों की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हों रही हैं। गड्ढे में गिरने से लोग घायल हो रहे हैं, वाहनों में टूट-फूट हो रही है। वही हादसों के दौरान कई लोगों को अपनी जान भी गवानी पड़ी है, लेकिन सरकार और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते आज उन्हें जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए हाइवे पर कीचड़ में बैठने का मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के नेता प्रदेश की सड़कों की तुलना वाशिंगटन की सड़कों से करते रहते है, लेकिन वास्तविकता यह है कि हरदा से इंदौर के बीच सफर करना बड़ा मुश्किल हो रहा है। पूरे रास्ते में जगह -जगह बड़े -बड़े गड्ढे हो गए है। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि सड़क पर गड्ढे नहीं बल्की इनके बड़ते आकार से यह खंती बन गए है। खराब सडक के चलते लोगों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है। विधायक दोगने के साथ ही जिलाध्यक्ष ओम पटेल, राजेश पटेल गोयत, लक्ष्मीनारायण पंवार, विजय सूरमा, राहुल जायसवाल, अजय राजपूत, सुरेन्द्र विश्नोई सहित अन्य कांग्रेस नेता भी कीचड में बैठकर प्रदशन करते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान वहां पहुंचे एनएचएआई के प्रबंधक ने कहा कि हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। लगातार बारिश के चलते काम रुका हुआ था, लेकिन अब जल्द से जल्द पूरे रास्ते मे सड़क के बीच बने गड्डों को भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और यह समस्या खत्म हो जाएगी।

