पुलिस ने 48 घंटे के अंदर अंधेकत्ल का किया खुलासा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM


-आरोपी जीजा-साले गिरफ्तार

अनोखा तीर, हरदा।  
सिविल लाइन थाने के प्रताप टॉकीज के पास गत 22 अगस्त को 50 साल के व्यक्ति की मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या करने वाले जीजा साले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मृतक के घर से रुपए चोरी किए थे, वापस मांगने पर सिर पर सिलेंडर मारकर हत्या कर दी थी। एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि 21 अगस्त बुधवार शाम करीब 7 बजे दोनों आरोपियों के साथ अशोक पिता मांगीलाल मोहे उम्र 50 वर्ष ने अपने कमरे पर रात 11 बजे तक शराब पी। इसके बाद आरोपी जीजा रामविलास पिता कन्हैयालाल मीणा उम्र 38 साल निवासी बड़ी नहर के पास अलकापुरी कॉलोनी अपने घर चला गया। दूसरा आरोपी साला मुकेश पिता लक्ष्मीनारायण मीणा उम्र 35 साल निवासी ग्राम बोरीसराय थाना नया हरसूद जिला खंडवा वहीं रुक गया। अगले दिन गुरुवार सुबह 8 बजे रामविलास मीणा फिर से अशोक के कमरे पर पहुंचा। यहां फिर से तीनों ने शराब पार्टी की। मौका पाकर आरोपियों ने अशोक की अलमारी में रखे 75 हजार रुपए चोरी कर लिए। अशोक ने रुपए चोरी करते देखा और वापस करने को कहा। इस पर अशोक और जीजा के बीच झगड़ा शुरू हो गया। अशोक ने रामविलास के मुंह पर लात मार दी, जिससे उसका दांत टूटकर गिर गया, इस घटना के बाद विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।
आरोपी ने सिर पर मारा सिलेंडर
एसपी ने बताया कि रामविलास ने दांत टूटने के बाद गुस्से में अशोक के सिर पर छोटे सिलेंडर से वार किया। जिससे अशोक वहीं गिर गया और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद जीजा-सालों ने चोरी के रुपए आधे-आधे बांटे और बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए। पीएम रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट लगने से मौत की बात सामने आई। पड़ताल में आरोपियों के बारे में जानकारी लगी, पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से 21 हजार 500 रुपए नकदी, दोनों आरोपियों की खून से सनी शर्ट, एक गैस सिलेंडर, एक टूटा दांत, मृतक का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। वहीं, 53 हजार 500 अपने एकाउंट में जमा करना बताया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक संतोष सिंह चौहान, उनि अरबिंद दीक्षित, उनि प्रकाश सोलंकी, उनि मनीष चौधरी, उनि सोहन सिंह, उनि गंगाराम सल्लाम, सूबेदार उमेश ठाकुर सायबर सेल, प्रआर ब्रजेश साहू, प्रआर प्रवीण रघुवंशी, प्रआर कुलदीप भदोरिया, आरक्षक उमेश पवांर, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक राहुल वर्मा, आरक्षक सुनील शर्मा, आरक्षक मनोज सायबर सेल, महिला आरक्षक मीना उईके, आरक्षक सचिन चौधरी, सैनिक संतोष ओझा, तुलसीराम की अहम भूमिका रही।

Views Today: 2

Total Views: 150

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!