Skip to content
Thursday, 5 November 2026
मध्य प्रदेश

नदी की रेत में पड़े मिले दो नर कंकाल, जांच में जुटी पुलिस

2 min read
Text Size:



अनोखा तीर, सोहागपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रनमोथा के पास से बहने वाली सूखी नदी में दो कंकाल मिले हैं। कंकाल देखे जाने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने नर्मदापुरम से एफएसएल अधिकारी को मौके पर बुलाकर जांच करवाई। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का  जायजा लिया। बताया गया कि नदी की रेत में दो कंकाल की हड्डियां पड़ी थीं, जिसमें एक कंकाल के पास चूड़ी मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इनमें एक कंकाल महिला और दूसरा कंकाल किसी पुरुष का हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर  मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभापुर चौकी के अंतर्गत आने वाले रनमोथा गांव के पुरुषोत्तम के खेत के किनारे सूखी नदी है। जिसमें बुधवार को रेत पर नर कंकाल की हड्डियां ग्रामीणों ने देखी। नर कंकाल देखने की सूचना ग्राम कोटवार ने शोभापुर पुलिस चौकी को दी। चौकी प्रभारी मेघा उदेनिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। इसके पश्चात जांच के लिए बुधवार को ही एफएसएल अधिकारी ऋषिकेश यादव भी मौके पर पहुंचे। दोनों कंकाल के शरीर की कुछ हड्डियां नहीं थीं। एक कंकाल के पास चूड़ी पड़ी हुई थी। शोभापुर चौकी प्रभारी एसआई मेघा उदेनिया ने बताया कि नदी की रेत में कंकाल की हड्डियां मिली हैं। हो सकता है कि कई बार नदी में ही शवों को दफना दिया जाता है। शायद उनके ही कंकाल बहकर आए हों या इसी जगह शवों को दफनाया गया हो। दूसरी आशंका है कि किसी ने आत्महत्या की हो। हम सभी एंगल पर जांच कर रहे हैं। यह कंकाल काफी पुराने हैं, इसलिए आसपास के  सभी थानों से भी पुराने गुमशुदा लोगों की जानकारी बुलाई गई है। दोनों कंकालों में महिला-पुरुष की पुष्टि के लिए हड्डियों को फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। पूरी जांच होने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह कंकाल किस किस के हैं और क्या मामला है। जांच होने के बाद शायद इन कंकालों की पहचान भी हो सकती है।

371 Views
What do you think?

Leave a Reply