अनोखा तीर इंदौर:-भाजपा क्लस्टर की बुधवार शाम हुई समीक्षा बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास से बचने को कहा। उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि कांग्रेस कहीं भी मजबूत स्थिति में नहीं है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम अति आत्मविश्वास में आ जाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतिदिन 16 से 18 घंटे काम करते हैं। चुनाव प्रचार करते हैं। यह हमारा भी कर्तव्य है कि हम पार्टी के लिए 16 से 18 घंटे काम करें। हमें कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से जीवंत संपर्क में बने रहना है।
बैठक दोपहर तीन बजे शुरू होनी थी, लेकिन यह साढ़े तीन घंटा देरी से शाम करीब साढ़े छह बजे शुरू हुई। नड्डा ने कहा कि हमें खेल संगठन, सामाजिक संगठन, युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ना है। अगर हम यह कर लेंगे तो हमारी प्रचंड जीत निश्चित है। उन्होंने महिला मोर्चा के पदाधिकारियों से कहा कि कि आप छोटे-छोटे महिला संगठनों से संपर्क करें। महिला संगठनों की सदस्यों को मोर्चा से जोड़ने का काम करना है।
कम से कम तीन बार मतदाताओं से संपर्क करें
नड्डा ने जीत का मंत्र देते हुए जनप्रतिनिधियों से कहा कि हमें बार-बार मतदाताओं के बीच जाना है और उन्हें अपनी बात समझाना है। उदाहरण देते हुए कहा कि कि मान लो किसी गांव के मत पार्टी को नहीं मिलते हैं, तो आपको उसे ऐसे ही नहीं छोड़ना है बल्कि ज्यादा मेहनत करना है। बार-बार वहां जाएं। पहली बार जाएंगे तो मतदाता
नाराजगी जताएंगे, दूसरी बार में नाराजगी कुछ कम होगी, तीसरी बार वे कुछ शिकायतें बताएंगे, समस्याएं बताएंगे। चौथी बार में आप पार्टी के काम लोगों को बताएं। उन्हें बताएं कि कैसे मोदी के नेतृत्व में विकास हो रहा है। पांचवीं बार में निश्चित ही मतदाता की मानसिकता बदलेगी और वे शांति के साथ आपकी बात सुनेंगे। पार्टी की विचारधारा से जुडेंगे।
क्लस्टर बैठक में उपस्थित भाजपा नेता।
नड्डा ने दिए ये मंत्र
-बूथवार रणनीति तैयार की जाए। प्रत्येक बूथ को महत्वपूर्ण मानकर तैयारी करें।
-हारे बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
-जीत के अंतर को बढ़ाने के पूरे प्रयास किए जाएं।
-प्रत्येक बूथ पर 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ा जाए। इसके लिए माइक्रो मैनेजमेंट किया जाए।
हम छिंदवाड़ा सीट पांच लाख मतों से जीतेंगे
मीडिया से चर्चा में कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि हमारे लिए हर सीट महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की लीड हर सीट पर पहले के मुकाबले बढ़ेगी। इस बार हम छिंदवाड़ा सीट पांच लाख मतों से जीत रहे हैं। इंदौर भी हम आठ लाख से ज्यादा मतों से जीतेंगे। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है।
कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने कहा कि भाजपा हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। खरगोन से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र पटेल ने कहा कि चुनाव में एंटी इंकम्बेंसी जैसी कोई बात नहीं है। हमारे कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं। धार से प्रत्याशी सावित्री ठाकुर ने कहा कि हमारे साथ मोदी की गारंटी है। इंदौर से प्रत्याशी शंकर लालवानी ने भी पिछली बार से ज्यादा मतों से विजय होने का दावा किया।
ये भी हुए बैठक में शामिल
बैठक में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, नागर सिंह चौहान, विजय शाह, चैतन्य कश्यप, निर्मला भूरिया के अलावा राज्यसभा सदस्य व इंदौर लोकसभा क्षेत्र प्रभारी डा. सुमेरसिंह सोलंकी, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, इंदौर, झाबुआ, धार, खरगोन और खंडवा के पार्टी प्रत्याशी शंकर लालवानी, अनीता चौहान, सावित्री ठाकुर, गजेंद्र पटेल और ज्ञानेश्वर पाटील मौजूद थे।
Views Today: 2
Total Views: 106
Like this:
Like Loading...