उज्जैन में कालभैरव मंदिर के बाहर फूल-प्रसाद बेचने वालों ने श्रद्धालुओं को पीटा, अवैध गुमटियों पर चला बुलडोजर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर उज्जैन:-कालभैरव मंदिर के बाहर रविवार को मुंबई से आए श्रद्धालुओं के साथ फूल-प्रसाद बेचने वालों ने जमकर मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया। नाबालिग किशोर व किशोरियों को भी पीटा और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। दो श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गंभीर धारा में केस दर्ज किया है। वहीं, प्रशासन ने दोपहर बाद अवैध रूप से लगी गुमटियों व फूल प्रसाद बेच रहे लोगों को वहां से हटा दिया। बता दें कि फूल-प्रसाद बेचने वाले आए दिन श्रद्धालुओं से अभद्रता करते हैं

भैरवगढ़ पुलिस ने बताया कि एडवोकेट अमरदीप पुत्र रमेश भट्टाचार्य उम्र 46 वर्ष निवासी मुंबई पत्नी शैलजा, भाई ऋषिकेश, भाभी अनुपमा व बच्चे जीत, युवराज, नेत्रा, स्विता के साथ उज्जैन दर्शन करने के लिए आए थे। वे रविवार सुबह भस्म आरती के पश्चात सपरिवार कालभैरव के दर्शन करने मैजिक वाहन चालक कमल कुमार के साथ गए थे। जहां पार्किंग में वाहन रखकर सभी ने प्रसाद खरीदा और दर्शन करने चले गए।

अमरदीप के वापस लौटने पर फूल-प्रसाद बेचने वाला राजा मालवीय व उसके साथी कमल कुमार से विवाद करने लगे कि उन्होंने राजा से फूल-प्रसाद क्यों नहीं लिया। इसके एवज में 200 रुपये की मांग करने लगे। अमरदीप व उसके भाई ने बीचबचाव कर रुपये देने से इंकार किया तो राजा व उसके साथी अभद्रता करने लगे और उन्हें घेर लिया। राजा व उसके साथियों ने अमरदीप, ऋषिकेश व नाबलिग बच्चों के साथ मारपीट की।

आरोपितों ने दोनों भाइयों के सिर पर लोहे की राड मार दी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी है। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसपी प्रदीप शर्मा का कहना है कि आरोपित राजा मालवीय व उसके साथ साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं कलेक्टर नीरज सिंह को भी इस संबंध में सूचना दी गई है कि काल भैरव मंदिर क्षेत्र में अवैध दुकान संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राजस्व की टीम को भेजा जाए।

आए दिन श्रद्धालुओं से करते हैं अभद्रता

फूल-प्रसाद बेचने वाले अवैध रूप से मदिरा का भी विक्रय करते हैं। आए दिन श्रद्धालुओं से पार्किंग व प्रसाद लेने को विवाद करते रहते हैं। साथ ही उनकी दुकान से प्रसाद लेने के लिए दबाव भी बनाते हैं। कई बार तो श्रद्धालु के वाहन से उतरते ही पकड़कर अपनी दुकान पर लेकर चले जाते हैं। श्रद्धालु के मना करने पर अभ्रदता व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पुलिस भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। मंदिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी केवल मूकदर्शक बनकर खड़े रहते हैं।

जेसीबी से हटाई अवैध गुमटियां

कालभैरव मंदिर में रविवार को हुए घटनाक्रम के बाद प्रशासन हरकत में आया। दोपहर बाद नगर निगम व प्रशासन की टीम ने मंदिर के बाहर अवैध रूप से हार फूल बेच रहे लोगों पर कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से अवैध गुमटियों को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

धर्मधानी की छवि हो रही धूमिल

धर्मधानी उज्जैन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश विदेश से भगवान महाकालेश्वर, मां हरसिद्धि, मंगलनाथ्, कालभैरव सहित अन्य मंदिरों के दर्शन करने पहुंचते हैं। प्रदेश सरकार सुलभ दर्शन व तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को और बढ़ाने में लगी है।

हर संभव जतन किए जा रहे हैं लेकिन श्रद्धालुओं से मारपीट के कारण उज्जैन की छवि धूमिल हो रही है। तीन दिन पूर्व भी महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालु से मारपीट की थी। इसके पूर्व भी महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षार्मियों द्वारा श्रद्धालुओं से अभ्रदता की शिकायतें मिल चुकी हैं।

Views Today: 2

Total Views: 126

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!