Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे हैं तो रहें सावधान, कहीं आप भी न हो जाएं जेबकतरों का शिकार

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्जैन:-महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई, वहीं 16 लोगों ने अपने मोबाइल व पर्स चोरी होने की शिकायत महाकाल पुलिस को की है। बाहर से आई चोरों की गैंग ने वारदातों को अंजाम दिया है। कई लोगों को पुलिस ने आवेदन लिए बगैर ही रवाना भी कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सीमा पत्नी भेरूलाल शर्मा निवासी बहादुरगंज महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर दर्शन करने के लिए गई थी। इस दौरान उसके गले से सोने की चेन चोरी हो गई। मंदिर से निकलने के दौरान उसे चेन नजर नहीं आई। सीमा ने महाकाल पुलिस को शिकायत की है।

इसी प्रकार मेहूल पटेल निवासी गोधरा गुजरात अपने सात दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने के लिए आया था। मंदिर के बाहर अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। इसके अलावा 16 अन्य लोगों ने भी पुलिस को मोबाइल व पर्स चोरी होने के आवेदन दिए हैं।

चोरी की शंका में सात महिला, पुरुष पकड़े

जेबकटी व चोरी की वारदात करने की शंका में महाकाल पुलिस ने पांच महिलाओं व दो पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपित भोपाल व महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। आशंका है कि इनके साथ और भी लोग थे।

प्लेटफार्म पर सो रहे यात्री की जेब से रुपये चोरी

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर छह पर सो रहे अरुण पंवार निवासी अमरावती महाराष्ट्र की जेब से अज्ञात व्यक्ति ने आठ हजार रुपये चोरी कर लिए। अरुण ने जीआरपी का बताया कि वह 15 स्वजन के साथ उज्जैन आया था। सुबह करीब चार बजे ट्रेन उज्जैन पहुंची थी। इस कारण सभी प्लेटफार्म पर ही सो गए थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

128 Views
What do you think?

Leave a Reply