Skip to content
Saturday, 31 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

कृषि और शासन की भूमि पर अवैध प्लॉटिंग करने वाले कॉलोनाइज़र्स सहित अनियममित्ता बरतने वाले अधिकारियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई : मंत्री श्री सारंग

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर भोपाल:-खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला विधानसभा के करोंद क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री सारंग ने अवैध कॉलोनियों को लेकर एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी और आरआई पर नाराजगी व्यक्त की। मंत्री सारंग ने करोंद क्षेत्र में कृषि भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल अवैध कॉलोनाइज़र और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मंत्री सारंग के निर्देश पर अवैध निर्माण कार्यों पर शासन द्वारा बुलडोज़र चलाने की भी कार्रवाई की गई। इस दौरान राजस्व, नगर निगम के आला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

अवैध निर्माण से शासन और जनता का नुकसान बर्दाश्त नहीं

मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा में अवैध कॉलोनियां बसाने वाले कॉलोनाइज़र्स के साथ ही मिलीभगत करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर्स बगैर लाइसेंस और रेरा एवं नगर निगम सहित अन्य निकायों की वैधानिक अनुमति के बिना ही सस्ते दामों पर कृषि भूमि एवं शासकीय भूमि में प्लॉटिंग कर बगैर मूलभूत सुविधाएं दिये जनता को ठग रहे हैं। इसमें शासन और जनता दोनों का नुकसान हो रहा है, जिसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

शासन की जमीन पर कब्जा करने वालों पर चला बुलडोजर

करोंद क्षेत्र में हाउसिंग फॉर ऑल के अंतर्गत आरक्षित भूमि के साथ ही खेल मैदान पर भी भू-माफियाओं ने शेड निर्माण कर अवैध प्लॉटिंग की थी। मंत्री सारंग के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उन पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज़ किया गया। मंत्री सारंग ने भविष्य में इसकी पुनरावृति नहीं हो, इसके लिये राजस्व और नगर निगम के बिल्डिंग परमिशन विभाग को संयुक्त प्लान बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

निर्माण कार्यों पर तत्काल लगाई रोक

मंत्री सारंग ने निरीक्षण के दौरान ऐसे निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने को भी कहा। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को नरेला विधानसभा में हो रहे अवैध निर्माण कार्यों की रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करने को भी कहा है।

121 Views
What do you think?

Leave a Reply