किसानों ने भरी हुंकार… २४ से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का एलान

 

अनोखा तीर, हरदा। किसान एवं किसानी के उत्थान की दिशा में स्वीनाथम रिपोर्ट की सिफारिश समेत किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरूवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी में संयुक्त किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें जिले के प्रमुख किसान नेताओं की सहभागिता रही। किसान नेता राम इनानिया ने बताया कि बैठक दौरान सर्वप्रथम दिल्ली में किसान आंदोलन में शहीद शुभकरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद किसानों के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के साथ ही यह निर्णय लिया कि दिल्ली में जारी किसान आंदोलन को हिम्मत प्रदान करने की दिशा में शनिवार 24 फरवरी से नेशनल हाईवे 59 स्थित साईं मंदिर के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। श्री इनानिया ने बताया कि किसान की प्रमुख मांगें सभी फसलों की खरीद के लिए एमएसपी गारंटी कानून बनाया जाए। वहीं डॉ. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पर अमल तथा समस्त फसलों के उत्पादन की औसत लागत से ५० फीसदी ज्यादा एमएसपी तय की जाए। इसके अलावा किसान और खेत में काम करने वाले मजदूरों का कर्जा माफ करने के साथ ही किसानों को प्रदूषण कानून से बाहर रखने की मांग उठाएंगे। उन्होंनें बताया कि कुल 10 सूत्रीय मांगों के अलावा समर्थन मूल्य पर गेहूॅ 2700 रू क्विंटल के हिसाब से खरीदा जाए। ग्रीष्म कालीन मूंग फसल के लिए 20 मार्च से नहरों में पानी छोड़ा जाए । वहीं किसानों को 24 घंटे बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग पर जोर देंगे। बैठक में राजेंद्र पटेल, रामनिवास खोरे, राम इनानिया, बसंत रायखेरे, पंकज सिरोही , रामेश्वर कापड़िया, अनिल जाट, जीवन बास्ट, संतोष पटेल सहित अन्य किसान उपस्थित थे।

यह मांगे भी…

– 60 साल से ज्यादा उम्र के किसानों को 10 हजार रुपये पेंशन की व्यवस्था

– भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 दोबारा लागू किया जाए।

– मनरेगा में हर साल 200 दिन का काम और 700 रुपये मजदूरी मुहैया कराएं।

– आंदोलन में मृत किसान के परिवारों को मुआवजा व सरकारी नौकरी मिले।

– आंदोलन में घायल किसानों को 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

114 Views

Leave a Reply