नितेश गोयल, हरदा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के भाजपा में शामिल होने को लेकर अटकलें तेज हैं। दोनों ही दिल्ली पहुंच गए हैं। वहां पर उन्होंने मीडिया के सवाल पर भाजपा में जाने पर इनकार नहीं किया है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि आप सभी इतना उत्साहित क्यों हो रहे हैं, ऐसा कुछ होता है तो मैं आप सभी को सूचित करूंगा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सिर्फ अटकलें ही लगाई जा रही हैं, लेकिन प्रदेश में कई कांग्रेस नेताओं और विधायकों के सोशल मीडिया एकाउंट पर जो बदलाव हुए हंै, उससे यह उम्मींद जताई जा रही है कि प्रदेश कांग्रेस में बड़ी भगदड़ से इनकार नहीं किया जा सकता। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता सज्जनसिंह वर्मा ने तो यहां तक कह दिया है कि कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ दोनों का भाजपा में जाना तय है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यदि कमलनाथ जैसे दिग्गज नेता कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा का दामन संभालेंगे तो उनके साथ उनके समर्थक विधायक और जिलाध्यक्ष भी भाजपा में जा सकते हैं। जिस तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जब कांग्रेस को अलविदा कहा था तो उनके साथ 22 कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल हुए थे। यदि कमलनाथ भाजपा में जाते हैं तो यही स्थिति पुन: निर्मित हो सकती है। अब तक की जानकारी के अनुसार लगभग 23 विधायक और दो दर्जन से अधिक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शमिल हो सकते हैं। जिसमें हरदा विधायक डॉ.आरके दोगने और टिमरनी विधायक अभिजीत शाह भी कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं।
मेरा मीडिया स्टेटमेंट यह है अब तक कांग्रेस में हूं : हरदा विधायक
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने और उनके कट्टर समर्थक माने जाने वाले हरदा विधायक डॉ.आरके दोगने से जब हमने कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल होने के संबंध में सवाल किया तो उन्होंने यही कहा कि मेरा मीडिया स्टेटमेंट तो यह है कि अब तक मैं कांग्रेस में हूं। अभी मेरी कमलनाथ जी से कोई चर्चा नहीं हुई है, उनकी इस बात से इतना तो तय है कि यदि उनकी कमलनाथ से चर्चा होती है और वह भाजपा में शामिल होने के लिए कहते हैं तो शायद ही हरदा विधायक इनकार करेंगे। उनका मीडिया को दिया जा रहा यह स्टेटमेंट भी कि अब तक मैं कांग्रेस में हूं, कहीं न कहीं यही बात कह रहा है कि आगे का कोई भरोसा नहीं है। जब कमलनाथ की भाजपा में जाने की विधिवत घोषणा होगी तो यह भी भाजपा में ही शामिल हो जाएंगे। डॉ. दोगने को भाजपा हाथोंहाथ लेगी, क्योंकि उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता कमल पटेल को दो बार हराया है। वह गुर्जर समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और वह प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी हैं। जिससे भाजपा को फायदा ही फायदा होता दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर मिली टिमरनी विधायक को बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के इस्तीफे की अटकलों के बीच आज सोशल मीडिया के फेसबुक एकाउंट पर श्रीराम की कवर फोटो और अपनी आईडी पर सबसे पहले मेरे लिए राष्ट्र है, उसके बाद राजनीतिक पार्ट्री …की टेगलाईन लगाकर सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी। उनके द्वारा लगाए गए श्रीराम के कवर फोटो पर तो कई लोगों ने उन्हें भाजपा में शामिल होने पर बधाई तक दे डाली। हालांकि सोशल मीडिया के अलावा और कहीं पर भी उनके द्वारा कुछ ऐसा नहीं कहा गया कि जिससे पूर्णरूप से साफ हो जाए कि वह भाजपा में जाने को तैयार हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के वह कट्टर समर्थक हैं, इसलिए ऐसा लग रहा है कि यदि कमलनाथ ने कांग्रेस छोड़ी तो वह भी उनका अनुसरण कर सकते हैं।
यह छोड़ सकते हैं कांग्रेस का दामन
यदि कमलनाथ और नकुलनाथ भाजपा का दामन थामते हंै तो, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर, मुरैना महापौर शारदा सोलंकी, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, सीहोर कांग्रेस के दिग्गज नेता, चार बार विधायक रह चुके रमेश सक्सेना, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे सहित बड़ी संख्या में विधायक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

