उज्जैन। पतंगबाजी में चाइना डोर के उपयोग पर प्रतिबंध के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है। महाकाल टीआइ व टीम ने तोपखाना पर पतंग दुकानों पर जांच की। इसके अलावा दुकान संचालकों की बैठक लेकर उन्हें चाइना डोर का विक्रय नहीं करने की समझाईस दी। चाइना डोर मिलने पर दुकान संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महाकाल टीआइ अजय वर्मा ने बताया कि पतंग एवं डोर विक्रेताओं की तोपखाना स्थित पारू पतंग सेंटर पर मीटिंग ली गई। इस दौरान सभी दुकान संचालकों को समझाइश दी गई कि वे चाइना डोर का विक्रय नहीं करें। इसके अलावा अपनी-अपनी दुकानों पर बोर्ड लगाएं कि उनके यहां पर चाइना डोर का विक्रय नहीं किया जाता है। टीआइ वर्मा ने बताया कि चाइना डोर को खरीदने, बेचने और उपयोग करने वालों के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों पर जांच भी की
एएसआइ चंद्रभान सिंह व टीम ने शुक्रवार को बैठक के बाद सभी पतंग दुकानों की जांच भी की। इसके अलावा हरिफाटक ब्रिज पर सुरक्षा तार बंधवाने का कार्य भी महाकाल पुलिस द्वारा करवाया जा रहा है। बता दें कि जीरो पाइंट ब्रिज से दोपहिया वाहन से गुजरने के दौरान 11वीं कक्षा की छात्रा नेहा आंजना के गले में चाइना डोर फंसने से उसका गला कटने के कारण मौत हो गई थी।
Views Today: 2
Total Views: 74

