इंदौर। केंद्र व राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इंदौर में 16 से 25 दिसंबर तक विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यह प्रतिदिन दो वार्डों में पहुंचेगी। इस संबंध में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पार्षदों की बैठक ली।
महापौर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिन हितग्राहियो को मिला है, वे भी अपने अनुभव को साझा करेंगे। इस यात्रा का रथ (वैन) वार्ड में पहुंचेगा, जिसमें लगी एलईडी स्क्रीन व साउंड के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। यात्रा के दौरान संदेश, संकल्प वीडियो और फिल्म का प्रदर्शन, मेरी कहानी मेरी जुबानी, लाभार्थियो के अनुभवों को साझा करने जैसी गतिवधियां होंगी।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम धरती कहे पुकार के तहत स्वच्छता गीत का प्रदर्शन भी होगा। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा के संबंध में तैयारी के निर्देश दिए। बैठक में सभापति मुन्नालाल यादव, महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर सहित अन्य एमआइसी सदस्य व अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अभय राजनगांवकर उपस्थित थे।
विकसित भारत संकल्प योजना के तहत आयोजित शिविर में अलग-अलग विभाग व योजनाओं के काउंटर लगेंगे। इसके माध्यम से लोग योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। निगम अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि जोनल अधिकारियों को यात्रा के शेड्यूल के अनुसार जोन व वार्ड क्षेत्र में बैठक स्थल, क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार, जनप्रतिनिधि व हितग्राहियों को सूचना, आवंटित जोन के लिए नियुक्त सीएमएम व सीओ अपने जोन के एनआरवाय के अमले से समन्वय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यक्रम में योजनाओं के हितग्राहियो की उपस्थिति सुनिश्चित करने व चयनित हितग्राहियों के अनुभव के वीडियो व फोटो निर्धारित एप व पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।
यात्रा शिविर में ये रहेंगे काउंटर
पीएम स्व निधि योजना, स्वास्थ्य शिविर, आधार कार्ड अपडेशन, स्व सहायता समूह स्टाल, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम मुद्रा लोन योजना, स्टार्ट अप इंडिया, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उजाला योजना, अमृत योजना, पीएम जन औषधि परियोजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल भुगतान अधोसंरचना, आरसीएम उडान, वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन योजना।
182 Views

