उच्‍च शिक्षा में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन विकसित भारत और बेहतर समाज को दर्शाता है – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

वाराणसी- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 45वें दीक्षान्‍त समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी उपस्थित थीं। समारोह में कुल 77 हजार 692 डिग्रियां बांटी गई। राष्‍ट्रपति ने स्‍वर्ण पदक प्रदान किए गए। इस वर्ष कुल 65 स्‍वर्ण पदकों में 51 छात्राओं को प्रदान किए गए हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि दो-दो भारत रत्न का इस संस्थान से जुड़ना महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की गौरवशाली विरासत का जीवंत प्रमाण है। भारत रत्न डॉ. भगवान दास इस विद्यापीठ के पहले कुलपति थे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री इस संस्था के पहले बैच के छात्र रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के छात्रों से यह अपेक्षा है कि वे अपने आचरण में शास्त्री जी के जीवन मूल्यों को अपनायें।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस विद्यापीठ की यात्रा जो हमारे देश की स्वतंत्रता से 26 साल पहले गांधीजी की परिकल्पना के अनुसार आत्मनिर्भरता और स्वराज के लक्ष्यों के साथ शुरू हुई थी। यह विश्वविद्यालय जो असहयोग आंदोलन से जन्मी संस्था के रूप में स्थापित हुआ था, हमारे महान स्वतंत्रता संग्राम का जीवंत प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सभी छात्र स्वतंत्रता संग्राम के हमारे राष्ट्रीय आदर्शों के ध्वजवाहक हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि काशी विद्यापीठ का नाम महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ रखने के पीछे रखने का उद्देश्य हमारे स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन आदर्शों का अनुसरण करके अमृत काल में देश की प्रगति में अपना प्रभावी योगदान देना ही विद्यापीठ के राष्ट्र-निर्माण संस्थापकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि वाराणसी प्राचीन काल से ही भारतीय ज्ञान परंपरा का केंद्र रही है। इस शहर की संस्थाएँ आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के प्रचार-प्रसार में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों और शिक्षकों से ज्ञान के केंद्र की परंपरा को बनाए रखते हुए अपने संस्थान के गौरव को लगातार समृद्ध करते रहने का भी अनुरोध किया।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि काशी अपने ज्ञान, कला और संस्कृति के लिए जानी जाती है। उन्‍होंने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को राष्‍ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। राष्‍ट्रपति दो दिन के उत्‍तर प्रदेश दौरे पर हैं। वे आज लखनऊ में डिवाइन हार्ट फाउंडेशन के एक समारोह में भाग लेंगी। वे भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्‍थान के दूसरे दीक्षान्‍त समारोह में शामिल होंगी।

121 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!