शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर में ‘अवधपुरी’ के रूप में तब्दील शिविर में तीन दिन चले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत सम्मेलन ने समाज को कई सकारात्मक संदेश दिए। यहां अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ ही स्वास्थ्य के लिए हितकारी कार्यशैली अपनाई गई।
सम्मेलन में मालवा प्रांत के 28 जिलों के स्वयंसेवक तीन दिन शहर में रहे, किंतु न तो कोई शोर-शराबा हुआ, न ही आयोजन के कारण शहर में कोई हलचल देखी गई। सादगीपूर्ण आयोजन की हर तरफ सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि संघ ही ऐसा संगठन है, जो सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया। के भाव को आत्मसात कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करता है।
शिविर में आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया गया। शिविर में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, क्षेत्र संघचालक अशोक सोहनी, क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते के साथ ही मालवा प्रांत के पदाधिकारी शामिल रहे। इन्होंने भी आत्मनिर्भरता का संदेश स्वयंसेवक और समाज को दिया। तीनों दिन इन्होंने अपना काम स्वयं ही किया।
पर्यावरण : चाय-पानी के लिए नए गिलास
पालीथिन से बने डिस्पोजल का उपयोग शिविर में करने की मनाही थी। ऐसे में चाय-पानी के लिए व्यवस्था में लगे स्वयंसेवकों ने नए गिलास खरीदे। भोजन के लिए भी बर्तनों का ही उपयोग किया गया। संघ के पदाधिकारियों के भोजन के लिए लगाई गई टेबलों पर भी पालीथिन न बिछाकर कागज से बनी शीट बिछाई गई। कार्यक्रम स्थल और प्रकट उत्सव स्थल के मंच के पीछे लगाए गए बड़े बैनर भी कैनवास से बनाए गए।
स्वच्छता : 140 शौचालय बनाए
शिविर में करीब डेढ़ हजार लोग शामिल रहे और एक ही स्थान पर तीन दिन तक रहे। ऐसे में, स्वच्छता को लेकर भी विशेष ध्यान रहा। शिविर स्थल के पास 140 शौचालय बनाए गए ताकि कोई खुले में न जाए। सभी ने जागरूकता का परिचय दिया और स्वच्छता का खास ध्यान रखा। परिणाम यह रहा कि वहां कचरा या गंदगी के लिए नगर पालिका को कोई मशक्कत नहीं करनी पड़ी।
स्वास्थ्य : हर दिन ब्रह्म मुहूर्त में सामूहिक योग
शिविर से निरोगी काया के लिए भी आमजन को संदेश मिला है। शिविर में हर दिन ब्रह्म मुहूर्त में सामूहिक योग किया गया। तीनों दिन अल्पाहार और भोजन में भी भारतीय व्यंजन और मोटे अनाज का ही उपयोग हुआ। अन्य सामग्री भी स्वदेशी ही थी। अंतिम दिन मालवा की पहचान मक्का की रोटी, सरसों की साग, रबड़ी और छाछ भोजन में दिया गया।
Views Today: 2
Total Views: 116

