Skip to content
Friday, 30 October 2026
मध्य प्रदेश

सर्दी के मौसम में सेहत के लिये लाभकारी गुड़-तिल की गजक

3 min read
Text Size:

ग्वालियर। सर्दियों के मौसम में गुड़ और तिल से बनी मिठाइयां स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिये भी लाभकारी होती हैं। इसीलिये सर्दियां शुरू होते ही गुड़ से बनी गजक की मांग बढ़ जाती है।लोग सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रखने वाली चीजों को खानपान में शामिल करते हैं। जिससे ठंड की वजह से बीमार ना हो। तिल को सर्दियों में खाना फायदेमंद होता है, क्योंकि इसकी प्रकृति गर्म होती है और ये शरीर को गर्म रखने में मदद करती है। बाजार में सर्दियां शुरू होते ही गजक मिलने लगती है।

जिसका स्वाद बच्चों और बडों दोनों को ही पसंद आता है।शहर में भी सर्दियां का मौसम शुरू होने से पहले ही गजक की कई दुकानें सजी दिखाई देती हैं। तिल से गजक को अनेक व्यंजनों में तैयार किया जाता है। सदर बाजार मुरार में स्थित 50 वर्ष पुरानी बंसल गजक भंडार पर स्वादिष्ट गजक लेने वाले लोगों की भीड़ नजर आती है। स्व.छीतरमल बंसल ने गजक बनाने का व्यवसाय शुरू किया था। उनके बाद विष्णु बंसल इस व्यवसाय को संभाल रहे हैं। गुड़ और शक्कर की गजक के साथ मावा तिल बर्फी,मावा रोल,गुड़ तिल लड्डू,काजू रोल,चिक्की और रेवड़ी लोगों की पसंद के अनुसार तैयार करते हैं।

तिल से बनी गजक के यह होते हैं फायदे

तिल में सीसामोलिन पाया जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर का लेवल कंट्रोल में रहता है।तिल और गुड़ का मिश्रण हड्डियां को मज़बूती प्रदान करता हैं क्योंकि गुड़ में कैल्शियम, फास्फोरस और आयरन अच्छी-खासी मात्रा में होता है।गुड़ से शरीर के अंदर की सारी गंदगी बाहर निकल जाती है, जिससे त्वचा पर भी निखार आता है। सर्दियों में जोड़ों के दर्द में भी गुड़ और तिल की गजक फायदा पहुंचाती है।तिल, मूंगफली और गुड़ हार्ट और लिवर की हेल्थ के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसमें जिंक, सेलेनियम जैसे मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं।गजक खाने से शरीर में गर्मी भी बनी रहती है जिससे तेज ठंड के चलते सिरदर्द आदि की समस्या नहीं होती।इसके सेवन से इम्यूनिटी भी दुरुस्त रहती है। जिससे मौसमी बीमारियों दूर रहती हैं।

इस तरह तैयार करते हैं स्वादिष्ट गजक

गजक बनाने के लिये तिल को साफ करके पहले भूना जाता है। गुड़ की चासनी बनाने के लिये उसको कढ़ाही में गर्म किया जाता है। चासनी ठंडी होने से पहले ही उसे अच्छी तरह से तार खिंचने तक कड़ा किया जाता है। इसके बाद इसमें तिल को अच्छे से मिलाकर जमीन पर बिछाकर कूटा जाता है। गजक कूटने के बाद इसे एक साइज में काट लिया जाता है। ठंडा होने के बाद स्वादिष्ट गजक बनकर तैयार हो जाती है।

99 Views
What do you think?

Leave a Reply