इंदौर। सबसे ज्यादा मतों से जीते भाजपा विधायक रमेश मेंदोला डीपफेक के शिकार हो गए। इंटरनेट मीडिया पर उनका फर्जी फोटो बहुप्रसारित कर दिया गया। मेंदोला ने पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विधानसभा क्रमांक-2 के विधायक मेंदोला को फर्जी फोटो में नंबर व नेमप्लेट की दुकान पर बताया गया है। फूलों का हार पहने उनके हाथ में नेमप्लेट दिखाई गई है। नेमप्लेट पर जय गिरनार भवन, पं. रमेश मेंदोला लिखा हुआ है। नाम के नीचे गृह एवं परिवहन मंत्री (मप्र सरकार) लिखा है। उसमें मिलने का समय भी लिखा हुआ।
मंगलवार को विभिन्न वाट्सएप ग्रुप पर फोटो बहुप्रसारित हुआ तो मेंदोला चौंक गए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा कि छवि धूमिल करने की कोशिश हो रही है। ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध साइबर एक्ट में कार्रवाई की मांग की गई है।
दिग्विजय सिंह ने ईवीएम पर सवाल उठाया तो मेंदोला ने दिया जवाब
चुनाव खत्म हो चुके हैं लेकिन एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर नेताओं का मुकाबला जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजयसिंह ने एक्स पर लिखा कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है तो भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह इस तरह के मुद्दे उठाकर भाजपा की मदद करते हैं। कांग्रेस को भटका देते हैं। कांग्रेस हार के कारण की समीक्षा नहीं कर पाती और उनके मुद्दों में उलझ जाती है। सर, आपका फिर से आभार।
174 Views

