एक्शन में नगर पालिका अध्यक्ष निर्माण कार्य की कछुआ चाल पर जताई नाराजगी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, इटारसी। विधानसभा चुनाव के दौरान लगी आचार संहिता के बाद नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे वापस एक्शन में आ गए हैं। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही, पहले से चल रहे निर्माण कार्यों की सुस्त चाल व सफाई व्यवस्था खराब होने की शिकायत आचार संहिता के दौरान लगातार मिल रही थी, उसे ठीक करने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष श्री चौरे ने आज से फिर कमान संभाल ली है। वे आज शहर के विभिन्न हिस्सों में निरीक्षण पर पहुंचे। उनके साथ इस दौरान सीएमओ रितु मेहरा, स्वच्छता विभाग प्रभारी उपयंत्री मंयक अरोरा साथ थे। नपाध्यक्ष ने विशेष रूप से पुरानी इटारसी में वीर सावरकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। यहां आचार संहिता के दौरान निर्माण के कछुआ चाल चलने पर नाराजगी जताई और गुणवत्ता को लेकर भी फटकार लगाई। ठेकेदार को साफ तौर पर कहा कि तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए, वे देरी बर्दाश्त नहीं करेंगे। यहां अभी स्टेयर, कक्ष व भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। मैदान 70 प्रतिशत बन गया है और बाउंड्रीवाल 100 प्रतिशत बन चुकी है।

सब्जी बाजार व पार्किंग के लिए यह होगी व्यवस्था

नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्थानीय नागरिकों व यहां सब्जी बाजार लगाने वाले दुकानदारों की मांग पर स्टेडियम के सामने की ओर कच्चे एरिया में सीमेंटीकरण करने के निर्देश सीएमओ रितु मेहरा को दिए हैं। यहां सप्ताह में दो दिन बाजार लगता है बाकी दिन यहां स्टेडियम की पार्किंग होगी। इसी तरह स्टेडियम के दोनों तरफ नाली निर्माण भी कराया जाएगा।

 

कचरा डम्पिंग के स्थान कवर्ड होंगे

नगरपालिका शहर में दो स्थानों पुलिस लाइन के पास पुरानी ओझा बस्ती व न्यास कॉलोनी जगदम्बा मैरिज गार्डन के साइड पर कचरा डम्पिंग करके जिलवानी ट्रिचिंग ग्राउंड पहुंचाती है। इन दोनों ही स्थानों को टीन लगाकर कवर्ड किया जाएगा। सामने से गेट होंगे। सीएमओ को इसका निर्माण कराने के लिए निर्देशित किया है।

मार्केट में कचरा दिखा तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई

नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने मार्केट एरिया के सफाई दरोगा और कर्मचारियों की बैठक नपा में बुलाई। सभी से कहा कि बाजार की सडकों पर कचरा बहुत दिख रहा है, यह अब दिखाई नहीं देना चाहिए। यदि यह मुझे नजर आया तो उस एरिया के अधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई करेंगे।

इनका कहना है…

आचार संहिता के दौरान प्रशासनिक कार्य, सफाई व्यवस्था सहित निर्माण कार्यों में सुस्ती की शिकायतें लगातार आ रही थीं। आज से सब कुछ पटरी पर आ जाए इसके लिए कार्य प्रारंभ किया है। वीर सावरकर खेल मैदान पर सीएमओं के साथ निरीक्षण किया था, यहां ठेकेदार को स्लों निर्माण कार्य पर फटकार लगाई है। साथ ही गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्टेडियम के बाहर सब्जी बाजार के लिए सीमेंटीकरण व पानी निकासी के लिए दोनों तरफ नाली निर्माण के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मार्केट एरिया में सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं रोड पर कचरा नजर आया तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

– पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद इटारसी।

157 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!