Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
मध्य प्रदेश

शाजापुर में मतगणना केंद्र में कैलकुलेटर प्रतिबंधित, पासधारक को ही प्रवेश

3 min read
Text Size:

शाजापुर- तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी। मतगणना स्थल में कैलकुलेटर नही ले जा सकेंगे। साथ ही यहां सिर्फ पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रेक्षकों के साथ कलेक्टर, एसपी ने भी मतगणना स्थल का जायजा लिया और तैयारियों को देखा।

कलेक्टर किशोर कन्याल का दावा है कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्याशियों के अभिकर्ता, मीडियाकर्मी, अधिकारी और कर्मचारियों के प्रवेश के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार किसी भी अनाधिकृत और अवांछित व्यक्ति को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा, सिर्फ मतगणना कराने में तैनात मतगणनाकर्मी ही कैलकुलेटर का उपयोग कर सकेंगे। कलेक्टर ने बताया कि पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू करने के आधा घंटा पश्चात ही इवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ की जाएगी। इवीएम में दर्ज मतों की गणना के लिये मतगणनाकर्मियों और माइक्रो ऑब्जवर्स को प्रशिक्षित किया गया है।

मतगणना के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रेक्षकों की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के एनआइसी कक्ष में किया जाएगा। इसके उपरांत गणना कर्मियों का स्थानीय बीकेएसएन महाविद्यालय में प्रशिक्षण होगा। अभ्यास किया जाएगा। गणना की मॉकड्रील होगी। इवीएम से मतगणना के लिए कुल 210 एवं डाक मतपत्रों की गणना के लिए 79 शासकीय सेवकों की नियुक्ति की गई है।

मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार प्रेक्षक नियुक्त

मतगणना के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है। शाजापुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 167-शाजापुर के लिए अंजनी कुमार मिश्रा, 168-शुजालपुर के लिए वीएम प्रजापति तथा 169-कालापीपल के लिए सैय्यद मोहम्मद जहीद चिष्ठी को प्रेक्षक बनाया गया है।

खोदाई कार्य पर लगाई रोक

मतगणना को देखते हुए बीएसएनएल द्वारा स्थानीय पालिटेक्निक महाविद्यालय में लीज लाइन प्रदान की गई है।अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी ने तहसीलदारों एवं निर्माण विभाग से संबंधित अधिकारियों, स्थानीय निकायों के अधिकारियों, खनिज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शाजापुर-मक्सी, शाजापुर-सारंगपुर, शाजापुर-बेरछा एवं शाजापुर-आगर मार्गों पर किसी भी प्रकार की खोदाई का कार्य दो एवं तीन दिसंबर को पूर्णत: बंद रखें।

इन मार्गों पर खुदाई होने से बीएसएनएल सेवा बाधित हो सकती है।इसे देखते हुए अपर कलेक्टर सोलंकी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतगणना समाप्त होने तक उपरोक्त मार्ग पर होने वाले समस्त खोदाई कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोके एवं किसी भी प्रकार के खोदाई की अनुमति नहीं दें।

92 Views
What do you think?

Leave a Reply