Skip to content
Friday, 30 October 2026
राष्ट्रीय

गुरु नानक जयंती पर्व पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दी

3 min read
Text Size:

नई दिल्ली- गुरु नानक जयंती या गुरु पर्व पूरे भारत और दुनिया भर में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पहले सिख गुरु, गुरु नानक देव के जन्म का प्रतीक है, जिन्होंने सिख धर्म की नींव रखी थी। इस वर्ष गुरु नानक देव की 554वीं जयंती है। गुरु नानक देव का जन्म नानकशाही कैलेंडर में कार्तिक माह की पूर्णिमा के दिन हुआ था। इस दिन, दुनिया भर में श्रद्धालु प्रार्थना करते हैं। गुरु नानक देव का जन्म 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के पंजाब क्षेत्र के तलवंडी गांव में हुआ था, जिसे अब ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। इस अवसर को ‘प्रकाश पर्व’ के रूप में मनाया जाता है, और इस दिन, सिख समुदाय के लोग गुरुद्वारों में जाते हैं, सेवा में शामिल होते हैं और गुरु नानक के नाम पर लंगर में भाग लेते हैं। गुरुद्वारों में कीर्तन किया जाता है और इस दिन को गुरु पर्व के रूप में मनाया जाता है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर सिख भाइयों और बहनों को बधाई और शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि गुरु नानक देव जी ने समानता और नि:स्वार्थ सेवा के मूल्यों पर बल दिया। राष्‍ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव का मानना था कि मानवता की सेवा भगवान की सेवा है और उन्होंने लोगों को प्रेम, शांति और करुणा के मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। राष्‍ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने ज्ञान का प्रकाश फैलाया और शबद के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया। राष्ट्रपति ने लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का पालन करने और समानता, भाईचारे और सद्भाव के लिए स्‍वयं को समर्पित करने की अपील की।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने गुरू नानक देव की जयंती पर लोगों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा है कि नानक देव के उपदेश मानवता को एकता, समानता, सहिष्णुता और नि:स्वार्थ सेवा की भावना को बढावा देते हैं। उन्होंने कहा कि उदारता और सदभावना के उनके संदेश मानवजाति का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि दूसरों की सेवा करने और भाईचारा बढ़ाने पर गुरु नानक देव का संदेश दुनियाभर में लाखों लोगों को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल मन की बात कार्यक्रम में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

235 Views
What do you think?

Leave a Reply