रायसेन- जिले के विश्व पर्यटन स्थल सांची में 71वें महाबोधि महोत्सव की शुरुआत हो गई। दो दिनी इस आयोजन में भगवान गौतम बुद्ध के दो परम शिष्यों के अस्थि कलशों को दर्शन के लिए बाहर निकाला गया है। महाबोधि सोसायटी के कार्यालय से चेतिसगिरि विहार तक अस्थि कलश यात्रा निकाली गई। चेतियगिरि में अस्थि कलशों की विशेष पूजा की गई।अस्थि कलश को श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए रखा गया।
देश-विदेश से भी आए श्रद्धालु
इस आयोजन में श्रीलंका, वियतनाम, थाईलैंड, जापान सहित अन्य देशों से आए बौद्ध अनुयायी भी शामिल हैं। श्रीलंकन महाबोधि सोसायटी के चीफ वानगल उपतीस नायक थेरो भी उत्सव में शामिल होने श्रीलंका से सांची पहुंचे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रंगारंग आगाज
शोभायात्रा के दौरान सांची में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।सांची की सड़कों पर ढोलक और बांसुरी की मधुर धुन पर पारंपरिक नृत्य करते हुए कलाकार चल रहे थे। इसमें अर्पणा चतुर्वेदी एवं उनके सात सदस्यीय दल द्वारा बुद्धभाव पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। भोपाल की टीम व डा हरिप्रसाद पोडिवाल के द्वारा बांसुरी वादन किया गया। कालाजली ग्रुप भोपाल के द्वारा प्रदीप कृष्णन के निर्देशन में भारत नाट्यम नृत्य नाटिका प्रस्तुति दी गई।
साल में एक बार होते हैं दर्शन
शोभायात्रा सांची स्तूप स्थित चेतियगिरी विहार पहुंची जहां भगवान बुद्ध के दो परम शिष्यों अर्हन्त सारिपुत्र और अर्हन्त महामोग्गलान के अस्थि कलश तहखाने से बाहर निकाले गए और उनका पूजन किया गया। फिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रख दिए गए। चेतियगिरि विहार मंदिर के कपाट बंद होंगे। विशेष पूजा होगी। बौद्ध भिक्षुओं द्वारा अस्थि कलश को सिर पर रखकर सांची के मुख स्तूप की परिक्रमा की जाएगी। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। सांची स्थित बौद्ध स्तूप के गर्भगृह में ही एक तहखाना है। इसमें भगवान बुद्ध के दोनों शिष्यों की अस्थियां रखी होती हैं जो साल में एक बार केवल सांची महोत्सव के दौरान ही निकाली जाती हैं जिनके दर्शन करने देश-विदेश से बौद्ध अनुयायी आते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
इसी तरह इंदौर की हर्षिता दाधीच द्वारा सात सदस्यीय दल के साथ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद भोपाल के अखिलेख गुंदेचा एवं उनके 06 सदस्यीय दल द्वारा पखावज वृंद प्रस्तुति और भोपाल के सलीम अल्लाहवलो एवं उनके 5 सदस्यीय दल द्वारा सूफी गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
Views Today: 2
Total Views: 36