Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
राष्ट्रीय

राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अपनी पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार में जुटे

3 min read
Text Size:

नई दिल्ली- राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अपनी पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार में जुटे हुए हैं। भाजपा के शीर्ष नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाली और पीलीबंगा में जनसभाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रदेश में महिला अत्याचार बढ़ा है और राजस्थान इस मामले में पूरे देश में शीर्ष पर आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का कल्याण नहीं कर सकती।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रदेश में दलित अत्याचार की घटनाएं भी बढी हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास को गति देने वाली सरकार चाहिए। प्रदेश में लाल डायरी प्रकरण का जिक्र करते हुए पधानमंत्री मोदी ने कहा कि लाल डायरी से कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता डरते हैं।

केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए हुए उन्होंने कहा कि गरीब, पिछड़े और साधनहीन लोगों की तकलीफ दूर करना उनका मकसद है। पेपर लीक के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि पेपर लीक के माध्यम से युवाओं को लूटा गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बीकानेर में चार किलोमीटर रोड शो किया। उधर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उदयपुर में रोड शो किया। योगी आदित्यनाथ ने जयपुर के पास आमेर में जनसभा को संबोधित किया। इसके अलावा, भाजपा की ओर से हेमंत विश्व सरमा, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, गजेंद्र सिंह शेखावत, वसुंधरा राजे समेत अन्य स्टार प्रचारक विभिन्न स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में चुनावी रैलियां को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि सरकार ने जो वादा किया उसे निभाया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी केकड़ी और जहाजपुर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया।

अजमेर के केकड़ी में प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव का समय सरकार के काम का आकलन करने का समय है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने टोंक ,पाली और जोधपुर में विभिन्न स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के लिए आम सभाएं कीं। इसके अलावा, सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा और कन्हैया कुमार समेत कांग्रेस के अन्य नेता विभिन्न स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसभाओं को संबोधित किया। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल तथा आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी मैराथन प्रचार में जुटे रहे।

123 Views
What do you think?

Leave a Reply