बीजेपी के दिग्गज नेता, पूर्व मंत्री और पांच बार के पूर्व सांसद सरताज सिंह का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। सरताज सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सरताज सिंह की मौत पर संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सरताज सिंह को लोग बाबूजी के नाम से भी पहचानते थे।
सरताज सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीडी शर्मा ने कहा कि ‘वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सरताज सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतआत्मा को चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।’
बता दे 2018 विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के कारण सिंह बीजेपी से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद वह वापस से बीजेपी में लौट आए थे।
सियासी जीवन
सरताज सिंह के सियासी जीवन की बात करे तो सरताज सिंह भाजपा से 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहें हैं। वे अटल जी की सरकार में एक बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। इसके अलावा प्रदेश में वन व लोक निर्माण भी मंत्री रह चुके हैं। होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र से उन्होंने 1989 से 1996 तक की अवधि में तीन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर नीखर को लगातार हराया है।

