Skip to content
Saturday, 17 October 2026
मध्य प्रदेश सुर्खियाँ हरदा

बुलडोजर से मुख्य आरोपी का मकान तोड़ा

4 min read
Text Size:

 प्रताड़ना से तंग युवती की मौत के मामले में जहां मंगलवार को पूरा शहर एतिहासिक रूप से बंद रहा। जिसका व्यापक असर देखने को मिला। क्योंकि, बंद दौरान शहर की प्रमुख चौक-चौराहें व सड़क समेत तमाम गलियों में गहरा सन्नाटा दिखाई दिया। दिनभर बंद की गहमागहमी के बीच देर शाम आंदोलन को गतिमान बनाए रखने से उद्देश्य से शहर बंद आंदोलन को दूसरे दिन यानि बुधवार को भी जारी रखने की बात तय हुई। बंद का एलान सहित संदेशों का दौर शुरू हुआ। जिससे प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं से चर्चा की। उन्हें आरोपी का मकान तोड़ने की प्रस्तावित कार्रवाई के बारे में बताते हुए उन्हें पूरी तरह भरोसा भी दिलाया कि उनकी सारी मांगे पूरी की जाएंगी। तब कहीं आंदोलन को विराम लगा है। परिणामस्वरूप दूसरे दिन सभी बाजार क्षेत्र गुलजार दिखे।

एक दिन पहले प्रकाशित खबर

 

दूसरे दिन मकान तोड़ने की कार्रवाई

अनोखा तीर, हरदा। प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का कदम उठाने वाली युवती को न्याय की शुरूआत हो गई है। मामले के मुख्य आरोपी साजिद अंसारी की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई को लेकर पनपी असंतुष्टता के चलते शहर बंद आंदोलन की नौबत बन गई। परिणामस्वरूप मंगलवार को शहर बंद का आह्वान जहां पूरी तरह सफल हुआ, वहीं एतिहासिक भी रहा। जिसमें सभी ने घटना का विरोध तथा पीड़िता के प्रति मानवीय संवेदनाओं को दृष्टिगत रखकर अपना समर्थन दिया। यही वजह है कि शहर के सभी बाजार क्षेत्रों में सभी दुकानें बंद रहीं। जिसके चलते पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच देर शाम बंद आंदोलन को जारी रखने के एलान ने प्रशासन को त्वरित कार्रवाई पर विवश कर दिया। आनन-फानन में मकान तोड़ने की कार्रवाई को रफ्तार प्रदान की, उसका दिन और समय भी तय किया गया। तत्पश्चात आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं से बातचीत की गई। अधिवक्ता प्रकाश टांक ने बताया कि दूसरे दिन भी बंद रखने तैयारी के बीच रात 8 बजे अधिकारी ने संपर्क किया। प्रकरण के मुख्य आरोपी का मकान तोड़ने की बात कही। साथ ही अन्य मांगों पर भी तत्परता से संज्ञान लेने का भरोसा दिलाया गया। उन्होंनें संतुष्टिजनक संवाद के बाद शहर बंद आंदोलन को विराम दिया है।

 

व्यापारी बोले, बंद रखें या खोलें

अधिवक्ता प्रकाश टांक ने बताया कि देर रात प्रशासन के भरोसे से संतुष्ट होकर बंद को निरस्त कर दिया था। हालांकि, सुबह 8 बजे के आसपास बड़ा मंदिर के पास स्थित धरनास्थल पर आंदोलन के सक्रिय सहभागी पहुंचने लगे थे। जिन्हें किन्हीं कारणवश आंदोलन निरस्त किए जाने की खबर नही दे पाएं थे। उन्हें प्रशासन से हुई चर्चा के बारे में बताया गया। इस बीच करीब साढ़े 8 बजे कुछ व्यापारी भी वहां पहुंचे, जो पूछ रहे थे कि दुकान खोलें या बंद रखें। इस दौरान सभी ने दुकान खोलने की बात कही गई।

 

तड़के 6 बजे बुलडोजर ने किया रूख  

उधर, बुधवार तड़के 6 बजे राजस्व एवं नपाकर्मियों का दल बुलडोजर लेकर मानपुरा पहुंचा। जहां आरोपी साजिद अंसारी के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की गई। मकान टूटने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए थे। इस मौके पर अधिकारियों ने मोर्चा संभाल रखा था। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। बता दें कि पीड़ित युवती को न्याय दिलाने के लिये आंदोलनरत शहरवासियों की मांगों में मकान तोड़ना शामिल था। इसी के साथ उनकी मांगों के प्रति गंभीरता दिखाई पड़ी है।

 

इन मांगों पर बनी सहमति ….

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती की आत्महत्या के मामले में आम जनमानस की नाराजगी को भापकर प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं को ऊपर रखकर कार्रवाई को रफ्तार प्रदान की है। बता दें कि आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में शामिल प्रकरण के आरोपी का मकान तोड़े जाने की मांग पर प्रशासन ने बुधवार सुबह 6 बजे मकान का अवैध हिस्सा ढ़हा दिया है। साथ ही मकान से संबंधित अन्य बिन्दूओं पर जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं प्रकरण में जिन अधिकारियों ने प्रकरण पंजीबद्ध करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। इस बीच रिमांड पर नहीं लेने तथा मृतिका के परिजनों को एफआईआर की काफी प्रति नहीं देने के मामले में संबंधितों के विरूद्ध विभागीय जांच का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा प्रकरण की जांच समय सीमा में पूर्ण कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं सबसे आखिरी मामले की जांच दौरान किसी अन्य की संलिप्ता उजागर हुई तो उस पर कार्रवाई की गाज गिरेगी।

82 Views
What do you think?

Leave a Reply