भैरूंदा। इस बार का विधानसभा चुनाव आम जनता के लिए राहतभरा साबित हो रहा हैं। प्रदेश से लेकर केंद्र सरकार कई लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन कर वोटरों को अपनी और आकर्षित करने में जुटी हुई हैं। कांगे्रस ने भी अपने चुनावी वचन पत्र में गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिए जाने का वादा कर चुकी हैंं, ठीक इससे पूर्व प्रदेश की भाजपा सरकार ने लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाने की न केवल घोषणा की बल्कि उसका क्रियान्वयन भी शुरु कर दिया हैं। आवेदन पत्रों की जांच के बाद महिलाओं के खाते में सब्सिडी की राशि भी ट्रांसफर होने लगेगी। इतना ही नहीं महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पुरुषों के नाम दर्ज कनेक्शनों को महिलाओं के नाम किये जाने की घोषणा के बाद अब महिलाओं ने अपने नाम पर कनेक्शन लेना भी शुरु कर दिया हैं। इसी क्रम में बुधवार को केंद्र सरकार की और से उज्जवला योजना में बड़ा फैसला लेते हुए गैस सिलेंडर पर 100 रुपए की सब्सिडी और बड़ा दी है। अब उज्जवला योजना की महिलाओं की 300 रुपए की सब्सिडी केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। ऐसे में क्षेत्र की 21700 महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलने लगेगा और उनके घरों में 600 रुपए में गैस की टंकी पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में गैस की टंकी पर सरकार के द्वारा सीधे गैस कंपनियों के खातो में सब्सिडी पहुंचाई जाती थी ओर आम जनता को 600 से 900 रुपए में गैस सिलेंडर मिलता था। मोदी सरकार के बैठने के बाद नियम परिवर्तन हुए और सब्सिडी की राशि सीधे उपभोक्ताओं के खातो में पहुंचने लगी। धीरे-धीरे कर सरकार के द्वारा गैस सिलेंडर पर दी जा रही सब्सिडी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया। लेकिन मप्र में इसी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव व 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य व केंद्र सरकार ने देश की लगभग 50 फीसदी आबादी को लाभान्वित करने के लिए आम उपभोक्ताओं के साथ ही उज्जवला गैस कनेक्शनधारी महिलाओं को सीधा लाभ दिया हैं। बुधवार को भी सरकार ने उज्जवला गैस कनेक्शनधारी महिलाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए उनकी सब्सिडी की राशि में 100 रुपए की वृद्धि की।
गैस सिलेंडर के बाद अब डीजल-पेट्रोल की और निगाहें
केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा जिस तरह गैस सिलेंडर के दामों में कमी की हैं, उससे उपभोक्ताओं की उम्मीदें डीजल-पेट्रोल की और बढऩे लगी हैं। देश में डीजल पेट्रोल की खपत सबसे अधिक हैं। लेकिन मप्र में पेट्रोल 108 से 110 रुपए प्रति लीटर व डीजल 93 से 95 रुपए प्रति लीटर के भाव बिक रहा है। केंद्र सरकार के अलावा राज्य सरकार के द्वारा भी अतिरिक्त टैक्स की वसूली डीजल-पेट्रोल पर की जा रही हैं। चुनावी साल में अब व्यापारी, किसान, ट्रांसपोर्टर सहित आम उपभोक्ता डीजल-पेट्रोल के दामों में कमी की और निगाहें लगाए बैठा हैं। हालांकि सरकार के द्वारा इस संबंध में कोई भी संकेत अभी तक नहीं दिए हैं। लेकिन चुनाव को देखते हुए उपभोक्ताओं की उम्मीदें बरकरार है। वहीं दूसरी और कई किसानों के द्वारा डीजल-पेट्रोल को भी जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की जा रही हैं।

