Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
भोपाल

अक्टूबर के पहले सप्ताह में जारी होगी पहली सूची

2 min read
Text Size:

भोपाल- कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा लेकर टीकमगढ़ पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशियों की तीन सूचियां जारी कर दी है, लेकिन कांग्रेस की ओर से अब तक एक भी नाम जारी नहीं किया गया है। इस सवाल पर पूर्व मंत्री अरुण यादव ने कहा कि 5 से 10 अक्टूबर के बीच कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। कुल मिलाकर कांग्रेस के विधानसभा दावेदारों को अगले महीने तक इंतजार करना पड़ेगा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कांग्रेस के वचन पत्र को कॉपी पेस्ट करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम कमलनाथ ने जो वादे अपने वचन पत्र में शामिल किए हैं, उनसे भाजपा की सरकार सकते में है।

दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव जन आक्रोश यात्रा लेकर टीकमगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने गांधी चौराहे पर जनसभा के दौरान भाजपा की ओर से जारी किए गए प्रत्याशियों के नामों पर चुटकी ली थी। आज पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने एक बार फिर कहा कि भाजपा चाहे तो मध्य प्रदेश के सभी सांसदों को विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतार दे। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार को भी टीकमगढ़ से विधायक का चुनाव लडऩा चाहिए। कांग्रेस की गुटबाजी पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में टिकट मांगने का अधिकार सबको है। पार्टी जिस प्रत्याशी को घोषित करेगी, सभी कार्यकर्ता उसके साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को जनता ने नकार दिया है। प्रशासनिक मशीनरी और डर दिखाकर भाजपा नेताओं की सभा में भीड़ जुटाई जा रही है। अरुण यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी दो तिहाई बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

346 Views
What do you think?

Leave a Reply