भोपाल- वीआइपी रोड पर बाइक से जा रहे किसान को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान फसल बेचकर बाइक से अपने घर शाहपरा लौट रहा था। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज से कार के बारे में जानकारी जुटा रही है।
राजमिस्त्री का काम भी करता था मृतक
कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक शाम छह बजे हादसे की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान शाहपुरा गांव में मस्जिद के पास रहने वाले 45 वर्षीय प्रीतम सिंह पुत्र प्यारेलाल अहिरवार के रूप में हुई। वह मूलत: सीहोर जिले का रहने वाला था। वहां उसकी जमीन भी है वह अपनी बाइक से सीहोर गया था। सीहोर में अपनी फसल बेचने के बाद रुपये लेकर वह वापस घर लौट रहा था। शाम छह बजे वह वीआइपी रोड पर करबला घाट के सामने से गुजर रहा था, तभी किसी चार चालक ने उसे चपेट में ले लिया था। घटना की सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंच गए थे। पुलिस ने शव की तलाशी के दौरान मिले रुपये उनके सुपुर्द कर दिए। विवाहित प्रीतम के तीन बेटे हैं। वह किसानी करने के साथ ही राजमिस्त्री का भी काम करता था। हादसे के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।
तीर्थयात्रा से लौटे थे स्वजन
कुछ दिन पहले ही प्रीतम ने अपने माता-पिता को बड़े बेटे करन के साथ तीर्थ यात्रा करने के लिए भेजा था। सभी लोग ही तीर्थ दर्शन कर घर वापस लौटे थे, तभी उन्हें कभी न भूलने वाले गम की सूचना मिली। पुलिस सीसीटीवी के फुटेज खंगालकर प्रीतम को टक्कर मारकर भागी कार के बारे में सुराग जुटा रही है।

