अनोखा तीर, हरदा। पूरे देश में गणेश उत्सव का पर्व जोर-शोर से मनाया जा रहा है। इस दौरान हरदा में भगवान श्रीगणेश की विशाल आकृति तैयार की गई। स्थानीय एलबीएस कॉलेज परिसर में 7 हजार वर्गफीट में बनी यह आकृति देखने लोग उमड़ रहे हैं। इसे देखकर प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कलाकार सतीश गुर्जर और उनकी टीम की सराहना की है। जानकारी के अनुसार खिलता कमल जन कल्याण सामाजिक संस्था हरदा द्वारा भगवान श्री गणेश की यह आकृति तैयार कराई गई। संस्था के संयोजक संदीप पटेल ने कहा कि इस कार्य को विश्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जा सकता है। इस आकृति को तैयार करने में श्री गुर्जर की टीम के साथ बीबी आटोमोबाइल हरदा और एलबीएस कॉलेज के संचालक राजीव खरे ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
रिकॉर्ड समय में बनी गणेश जी की आकृति
यह भव्य कलाकृति बनाने वाले कलाकार सतीश गुर्जर और उनकी 40 सदस्यों की टीम ने लगातार तीन दिन का लक्ष्य लेकर गुरुवार से इसे तैयार करने का काम शुरू किया था। मगर बारिश के कारण यह काम शनिवार रविवार को सुबह पूरा हुआ। उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी को यहां गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती होगी।
नर्मदा के चुनिंदा पत्थरों से बनी कलाकृति
श्री गुर्जर ने बताया कि पत्थरों की मूर्ति बनाने जिले की सीमा से गुजरने वाली नर्मदा से चुने हुए दो डंपर पत्थर बुलाए गए। यहां 7 हजार वर्गफीट क्षेत्र में आउट लाइन डालकर गणेशजी की चित्र तैयार करने बिछाया गया। पत्थरों का आकार लगभग एक समान है, जिससे चित्र सुंदर दिखाई दे। सतीश गुर्जर ने बताया इस मूर्ति में भगवान सिद्धि विनायक के विभिन्न अंगों और मुद्रा को खूबसूरती से दिखाने के लिए विभिन्न 10 रंगों का उपयोग किया जा रहा है। वे बताते हैं पहली कलाकृति 2021 में बनाई। यह उनकी 11वीं कलाकृति हैं।
Views Today: 2
Total Views: 26