अनोखा तीर, भीकनगांव। नगर से लगभग 13 किमी दूर ग्राम बोरुट व रामपुर के बीच रोड़ के किनारे एक नवजात शिशु मिला है। जिसको राहगीर व ग्रामीणों ने देखने के बाद शासकीय अस्पताल में भर्ती किया। नवजात बालक को समय पर ग्रामीणों द्वारा लाया गया, जिसके कारण उक्त नवजात बालक की जान बच सकी। किसान रामकिशन चौधरी ने भावुक होकर जानकारी दी कि सुबह 10 बजे किसी ने बताया कि बोरुट व रामपुरा के बीच सड़क पर नवजात शिशु है तो में दौड़ता वहां पहुंचा तथा सड़क पर खून व नवजात बालक पड़ा था। मैंने सिर का गमछा निकाला और बच्चे को लपेट दिया और अपने गले से लगाकर उसे सीधे अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा। इस दौरान राहगीर राहुल राठौर, बंसत ठाकरे व रमेश घटे भी भीकनगांव अस्पताल गए थे।
समय पर अस्पताल पहुंचाया वरना बच्चे को बचाना मुश्किल था
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि नवजात बच्चा जब मिला था, वह कुछ आधा से एक घंटे पहले ही किसी ने फेंका था। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को जल्दी लाया गया, वरना अनहोनी हो सकती थी। नवजात बालक एक किलो सौ ग्राम का है तथा उसके सिर, कोहनी व घुटने में चोट के निशान हैं। बच्चा काफी ठंडा हो गया था, ज्यादा समय बाहर रहता तो ठंड से उसकी मौत भी हो सकती थी। अभी अस्पताल में बच्चा स्वस्थ है। टीम लगातार उक्त बच्चे की जांच कर रही हैं। टीम में डॉ. गुरयश सिंह कपूर व अंकिता सिंह उपस्थित थीं।

