अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विभिन्न शासकीय कर्मचारी संगठन अपनी मांगों लेकर धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन के जरिये सरकार तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हैं। इन सबके बीच कर्मचारियों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन को बहाल कराने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 10 सितम्बर को शिक्षा विभाग के करीब एक दर्जन संगठन राजधानी भोपाल में संयुक्त रूप से प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इसकी तमाम तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आंदोलन को सफल बनाने के लिये राजधानी के छोला मैदान में विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में शिक्षक जुटेंगे। जिलाध्यक्ष पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय अभियान रामकृष्णा गोस्वामी ने बताया कि वरिष्ठता पेंशन तिरंगा महारैली में अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 सहयोगी संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों के नेतृत्व में यहां शिक्षकों का समागम होगा। श्री गोस्वामी ने बताया कि आंदोलन में पुरानी पेंशन, कर्मोन्नति, ग्रेजुएटी सहित अन्य प्रमुख मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

