अनोखा तीर, हरदा। भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरे देश आजादी के जश्न में डूबा था, वहीं मुख्यालय समेत क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में भी आजादी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने अपने-अपने अंदाज में इस दिन को यादगार बनाने का प्रयास किया। जिसके तहत तिरंगा यात्रा, वाहन रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए। इसी कड़ी में शहर के गोलापुरा में रहने वाले कृषक एवं भजनप्रेमी सुशील वशिष्ठ वर्षो पुराने कृषि संसाधनों का मान बढ़ा रहे थे। दरअसल, श्री वशिष्ठ की स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुछ खास करने की चाह में उन्होंनें अपने बैलों को आकर्षक रूप से सजाया था। वहीं छकड़ी यानि छोटी बैलगाड़ी पर बड़ा तिरंगा लहरा रहा था। इसी छकड़ी पर सवार होकर श्री वशिष्ठ नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान शहरवासियों ने उनके अनूठे अंदाज को खूब सराहा। वहीं उनका अभिनंदन कर भारत माता के जयकारें भी लगाएं।

