सीएमएचओ के लिए 40 हजार की रिश्वत लेते लैब टेक्नीशियन पकड़ाया

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, बैतूल। लोकायुक्त भोपाल की टीम ने रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई की है। जिसमें शुक्रवार को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए शाहपुर के सामुदायिक स्वासथ्य केंद्र में पदस्थ लैब टेक्नीशियन को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पदस्थ सीएमएचओ डॉ. सुरेश बौद्ध जाटव के द्वारा निजी अस्पताल के पंजीयन दस्तावेजों में डॉक्टर के परिजन का नाम शामिल करने के लिए डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। जिसके बाद मामला एक लाख रुपए में तय किया गया था। शुक्रवार को सीएमएचओ के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए शाहपुर के सामुदायिक स्वासथ्य केन्द्र में पदस्थ लैब टेक्नीशियन राधागोविंद शुक्ला को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। लोकायुक्त भोपाल के निरीक्षक मनोज पटवा ने बताया कि बैतूल जिले के भौंरा में स्थित डॉ. महेश पाटनकर के निजी क्लीनिक के पंजीयन दस्तावेजों में उनके भतीजे डॉ. सागर पाटनकर का नाम जोड़ने के लिए सीएमएचओ डॉ. सुरेश बौद्ध जाटव द्वारा एक लाख रुपए की मांग की गई थी। डॉ. पाटनकर ने 50 हजार रुपए सीएमएचओ को पूर्व में दे दिए थे। 3 अगस्त को सीएमएचओ को 10 हजार रुपए बैतूल में दिए गए। शेष 40 हजार रुपए की राशि शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ लैब टेक्नीशियन राधा गोविंद शुक्ला को देने के लिए कहा गया था। इस मामले की शिकायत डॉ. पाटनकर द्वारा 28 जुलाई को लोकायुक्त भोपाल से की गई थी। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने की योजना तैयार की। गुरुवार को जब डॉ. पाटनकर द्वारा 40 हजार रुपए की रिश्वत शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ लैब टेक्नीशियन राधागोविंद शुक्ला को दी, तो तत्काल ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसके द्वारा स्वीकार किया गया कि सीएमएचओ सुरेश बौद्ध जाटव के कहने पर उसके द्वारा 40 हजार रुपए लिए गए हैं। लोकायुक्त टीआई मनोज पटवा ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सीएमएचओ सुरेश बौद्ध जाटव को बनाया गया है। फिलहाल लोकायुक्त की टीम शाहपुर में कार्रवाई कर रही है। इस मामले में एक लिपिक मालवीय की भूमिका की भी जांच की जाएगी। गौरतलब है कि जबसे सीएमएचओ डॉ. बौद्ध बैतूल पदस्थ हुए हैं तब से भ्रष्टाचार की खबरें आम हो गई हैं। जिसकी शिकायत रूलिंग पार्टी के जनप्रतिनिधियों से की गई है।

174 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!