अनोखा तीर, हरदा। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस जिले में हर्षोल्लास एवं समारोहपूर्वक मनाया जाए, इसके लिए अधिकारीगण अभी से आवश्यक तैयारियां करें। यह निर्देश कलेक्टर ऋषि गर्ग ने सोमवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाए। सभी कार्यालयों में 15 अगस्त को सुबह 7:30 बजे ध्वजारोहण किया जाए तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई पहले से ही कर ली जाए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डीके सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में निर्देश दिए कि मिडिल स्कूल ग्राउण्ड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी संबंधित अधिकारी सौंपे गए दायित्वों के संबंध में अभी से तैयारी करें। उन्होने मिडिल स्कूल ग्राउण्ड के समतलीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैरिकेटिंग के लिए बांस बल्ली उपलब्ध कराने का दायित्व वन विभाग को सौंपा गया है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व बैठक व्यवस्था के लिए नगर पालिका को दायित्व सौंपा गया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बूलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश बैठक में दिए गए। बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को स्कूलों से प्रभात फेरी आयोजित होगी, जिसमें स्कूली बच्चे स्कूल से कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। कलेक्टर श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन तथा मंच संचालन व्यवस्था के लिए जिला पंचायत के सीईओ श्री सिसोनिया के मार्गदर्शन में कार्य किया जाए। उन्होने सभी अधिकारियों से कहा कि प्रशस्ति पत्र के लिए अपने-अपने कार्यालय के कर्मचारियों के नाम 10 अगस्त तक अपर कलेक्टर कार्यालय भिजवा दें। इस कार्य में समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में निर्देश दिए कि मिडिल स्कूल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए वाटर प्रूफटेंट की व्यवस्था की जाए।
Views Today: 2
Total Views: 78

