सतपुड़ा टाइगर शिकार : भीमकुण्ड मार्ग के पास मिला टाइगर का सिर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

गणेश पांडे, भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व अंतर्गत चूरना परिक्षेत्र के डबरा बीट में सिर कटा टाइगर का शव मिलने के 11 दिन बाद गुरुवार को टाइगर का सिर धांसई-भीमकुण्ड के पास मिला। बाघ शिकार प्रकरण में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व एवं एसटीसीएफ जांच दल द्वारा निरंतर वनक्षेत्र, राजस्व क्षेत्र एवं ग्रामों में गश्ती एवं पूछताछ की जा रही है। अभी तक शिकारी वन विभाग और पुलिस की पकड़ से दूर है। शिकारी की सूचना देने वालों को फील्ड डायरेक्टर एल कृष्णमूर्ति ने 25000 का इनाम देने की घोषणा भी की है। फील्ड डायरेक्टर एल कृष्णमूर्ति ने बताया कि गुरुवार को सुबह 06 बजे बीटगार्ड ग्राम धासई नारायण प्रसाद लोधी एवं सुरक्षा श्रमिक धासई नाके से गश्ती के लिए धांसई- भीमकुण्ड रोड पर रवाना हुए। रास्ते में नाके से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गुड्डी नाले पर बने रपटे के ऊपर मांस का बड़ा टुकड़ा दिखाई दिया, जिसे दो कुत्ते पकड़ कर खा रहे थे। बीटगार्ड के द्वारा कुत्तों को भगाकर मांस के टुकड़े को देखा गया तो वह टाइगर का कटा हुआ सिर था, जिसकी खाल सड़ चुकी थी। सिर की हड्डी पर मांस लगा हुआ था एवं केनाईन पास में पड़े पाए गए। वह स्थल बफर रेंज के कक्ष क्रमांक 436 एवं राजस्व की सीमा पर पड़ता है। उपसंचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम संदीप फैलोज, अधीक्षक बोरी अभ्यारण्य इटारसी एवं परिक्षेत्र अधिकारी तथा बफर ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। टाइगर के पाए गए कटे हुए सिर एवं अन्य अवयवों को जप्त किया गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व एवं रातापानी के डॉग स्क्वाड को घटना स्थल पर बुलाकर संदिग्ध की जांच कराई गई। डॉग स्क्वाड के द्वारा धांसई ग्राम के कुछ स्थलों को चिन्हित किया गया। जिसकी विवेचना की जा रही है। वन्यप्राणी चिकित्सक रातापानी को बुलाकर पाए गए मृत टाइगर के सिर का परिक्षण किया गया एवं माप ली गई। बाल, मांस आदि अन्य के सेम्पल लेकर सील किया गया। कटे हुए सिर एवं अन्य सेम्पल को वाइल्ड लाइफ फोरेंसिक एण्ड हेल्थ सेंटर जबलपुर को अग्रिम परिक्षण हेतु प्रेषित किया गया। प्रकरण में आगामी विवेचना जारी है।

Views Today: 2

Total Views: 118

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!