Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

जनसुनवाई में अधिकारियों ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर हरदा। जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित आवेदनों की सुनवाई की। जनसुनवाई में हरदा निवासी श्रीमती अर्चना चौरसिया ने बताया कि उनके पति राजस्व विभाग खिरकिया में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत थे, उनके द्वारा वर्ष 2011 में अस्वस्थता के कारण स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति ली गई थी, और कुछ दिनों बाद ही उनकी मृत्यु भी हो गई। किन्तु सर्विस के दौरान एवं बाद में शासन से प्राप्त होने वाले फण्ड का उन्हें अभी तक भुगतान नहीं किया गया, जिस पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिसोनिया ने तहसीलदार खिरकिया को प्रकरण की जांच कर भुगतान कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में टिमरनी निवासी बट्टू इवने ने सीईओ श्री सिसोनिया को आवेदन देकर बताया कि उसे 1 वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है। सीएमओ टिमरनी ने बताया कि आवेदक को पूर्व में वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त हो रही थी किन्तु भौतिक सत्यापन के दौरान हितग्राही पंजीकृत स्थान पर निवासरत नहीं पाए जाने के कारण पेंशन बंद कर दी गई थी, जिस पर श्री सिसोनिया ने संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा आवेदक की पेंशन चालू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हरदा निवासी नंदा बेबी राठौर ने अपनी समग्र आईडी बनवाने के लिये सीईओ श्री सिसोनिया को आवेदन दिया, जिस पर उन्होने संबंधित अधिकारी को आवेदक की समग्र आईडी बनवाने के निर्देश दिए।

145 Views
What do you think?

Leave a Reply