मुक्तिधाम पुलिया ने रोका दर्जनभर गांवों का रास्ता

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

एक माह पूर्व विधायक ने किया था भूमिपूजन

-ठेकेदार ने नहीं बनाया वैकल्पिक मार्ग और तोड़ दी पुलिया

अनोखा तीर, सिराली। नगर से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मुक्तिधाम के पास घोगई नदी पर बने पुल की मरम्मत कार्य करने वाले ठेकेदार ने मानसून के शुरू होते ही पुल के हिस्से को तोड़कर करीब एक दर्जन गांव का रास्ता बंद कर दिया। इससे पूर्व लोगों और वाहनों के निकलने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया। अब दो-तीन दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी रहने के बाद सिराली महेंद्र गांव 6 किलोमीटर की दूरी को जोडऩे वाली उक्त पुलिया की जगह लोगों को करीब 25 किलोमीटर का फेरा लगाकर सिराली पहुंचना पड़ रहा है। मालूम हो कि विगत वर्ष तेज बारिश के कारण यह पुलिया क्षतिग्रस्त हुई थी जिस पर से आवागमन चालू था जिसकी मरम्मत की मांग लोगों के द्वारा की जा रही थी। पिछले 1 वर्ष से विभाग और जिम्मेदार कुंभकरण की नींद सोए थे अब जब बारिश का दौर चालू हो गया ऐसे समय में पुलिया को तोड़कर आवागमन बंद कर दिया ऐसे में लोग कैसे पहुंचे सिराली तहसील मुख्यालय। उक्त पुलिया से आवागमन बंद होने के बाद बावडिय़ा मार्ग से नहर मार्ग होते हुए, ग्राम दीपगांव से बावडिय़ा होते हुए सिराली पहुंचा जा सकता था किंतु वह भी तब जब बारिश पूर्व उक्त कच्चे मिट्टी युक्त रास्ते पर बजरी डलवाई जाती। बहरहाल इन दोनों ही रास्तों पर कीचड के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल है। इस कारण लोगों को दोहरी मार झेलते हुए गहाल के रास्ते डगांवा, रोलगांव होते हुए करीब 25 किलोमीटर अतिरिक्त का फेरा लगाकर सिराली पहुंचना पड़ रहा है। करीब इतनी ही दूरी जिला मुख्यालय पहुंचने में भी लगती है। सिर मुंडाते ही ओले पड़े की तर्ज पर मानसून के शुरू होते ही ठेकेदार ने पुलिया के हिस्से को तुड़वाकर रास्ते को बंद करवा दिया दूसरा कोई मार्ग बनाए बगैर अब लोग भारी परेशान है जबकि जुलाई माह से नौनिहालों के स्कूल शुरू होगे। दूसरे लोगों को आवश्यक कार्य, चिकित्सा उपचार, काम धंधे से जुड़े लोगों का रोज सिराली आना होता है। ऐसे में पुलिया के हिस्से को तोड़कर पुल मरम्मत करने वाले निर्माण ठेकेदार ने लोगों के लिए भारी समस्या खड़ी कर दी है।

तीन दिनों से बंद है बस सेवा
सिराली से महेंद्रगांव मगरधा, झाड़पा जाने वाली यात्री बसें मार्ग के पुल का हिस्सा खोद दिए जाने से सिराली से आगे नहीं जा रही। इस कारण सैकड़ों यात्रियों को पैदल ही यात्रा करनी पड़ रही है। दूसरे लंबे फेरे वाले रूट से कोई साधन नहीं है। वही यात्री बस संचालकों का कहना है 25 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाने का परमिट समय और डीजल खर्च वह कहां से लाएं। इस कारण बस ऑपरेटर सिराली में ही बसें खड़ी कर रहे हैं।

विधायक शाह ने 1 माह पूर्व किया था भूमिपूजन
क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग पर टिमरनी विधायक संजय शाह द्वारा 1 माह पूर्व 27 मई को उक्त पुलिया का भूमिपूजन किया गया था। तब ग्रामीणों को आस लगी थी। बारिश के पूर्व पुलिया मरम्मत होने से इस वर्ष बारिश के दिनों में आवागमन सुलभ होगा। किंतु ठेकेदार की लापरवाही के कारण विगत 1 माह से कार्य आरंभ नहीं किया गया। अब तक जब बारिश प्रारंभ हो गई है ऐसे समय में कार्य का आरंभ होना ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। वर्तमान में ठेकेदार अगर तेज गति से कार्य करता है तो उम्मीद जताई जा सकती है कि पुलिया निकलने लायक हो सकती है।

इस संबंध में संबंधित ठेकेदार को मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। इधर प्रधानमंत्री सड़क योजना उपयंत्री एनके मौर्य ने बताया कि ठेकेदार के द्वारा निर्माण की जगह पर मटेरियल डलवा कर गड्ढा करवाया फिर फोन रिसीव नहीं किया जा रहा। इधर लोगों की समस्या मार्ग बंद होने और वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाए जाने के बाद गड्ढे को वापस भरवा कर मार्ग को वापस चालू कराया गया।
इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष मागुलये ने चर्चा में बताया कि कलेक्टर हरदा से चर्चा के बाद लोगों की असुविधा को देखते हुए ठेकेदार द्वारा किए गए गड्ढे को वापस भरवा दिया गया। विभाग ने कार्य के लिए 2 माह पूर्व मार्च में विकास यात्रा के दौरान ही टेंडर निकाल दिए थे। पुलिया पर गड्ढा खुदवाने के बाद। सोमवार की देर शाम उसे अधिकारियों की निगरानी में वापस भरवा दिया और मार्ग को चालू करवाया गया। ठेकेदार के घर पता करने पर 5 दिन से कोई जानकारी नहीं होना बताया गया जिसकी सूचना अधिकारियों ने पुलिस और तहसील कार्यालय को दी है।

Views Today: 2

Total Views: 126

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!