Skip to content
Sunday, 11 October 2026
हरदा

पटवारियों ने जिला मुख्यालय पर निकाली आक्रोश रैली

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आव्हान पर बुधवार को जिला मुख्यालय पर पटवारियों ने आक्रोश रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पटवारी संघ के प्रदेश संवाद समिति अध्यक्ष राजीव जैन ने कहा कि प्रदेश के पटवारी विगत 25 वर्षों से वेतनमान में संशोधन की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पूर्व के सभी राजस्व मंत्री कमल पटेल, करनसिंह वर्मा, रामपाल सिंह के साथ ही गोविंद सिंह राजपूत ने भी आश्वासन दिया। इसकी सार्वजनिक रूप से घोषणा की, लिखित पत्र दिया किंतु आज तक आदेश नहीं दिया। संघ के जिला अध्यक्ष अनुराग करोलिया ने भी कहा कि राजस्व व भू-अभिलेख विभाग के सभी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया गया, किंतु राजस्व विभाग की रीढ़ पटवारी 1998 से उसी वेतनमान पर काम कर रहे है। जबकि पटवारियों से शासन के 64 विभागो की सभी योजनाओं का काम लिया जाता है। हम पर बिना संसाधन अल्प भत्ते में गैर तकनीकी पटवारी से तकनीकि कार्य दबाब बनाकर कराए जाते है। वर्तमान में राजस्व निरीक्षक का सीमांकन कार्य भी पटवारियों को दे दिया गया है, तो पटवारियों को उनका वेतनमान भी समान कार्य समान वेतन के आधार पर दिया जाना चाहिए।

नार्मदीय धर्मशाला से निकली रैली

जिला सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि पटवारियों की बाईक रैली नार्मदीय धर्मशाला से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां पटवारियों ने नारेबाजी कर डिप्टी कलेक्टर संजीव नागू को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में हमने मांगों का ज्ञापन दिया है।अगले चरण में 24 व 25 तारीख को सांसद, विधायक, मंत्री, जनप्रतिनिधियों को स्मरण पत्र देंगे। इसके बाद 26 जून से सभी पटवारी सारा आईडी से लॉगआउट होकर एप अनस्टाल करेंगे तथा आनलाइन सभी कार्यबंद करेंगे।

यह हैं मांगें-

वेतनमान ग्रेड पे 2800 रुपए किया जाए, समयमान वेतनमान विसंगति दूर हो, विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी की जाए, पदोन्नति व समान कार्य समान वेतन का लाभ दिया जाए। इसके साथ सीमांकन करने के लिए, ईटीएस मशीन, रोवर नहीं है, वहीं मोबाइल भी कई पटवारियों को नहीं मिले हैं। पहले जिन पटवारियों को मोबाइल मिले थे वे भी अब खराब हो गए हैं इससे मोबाइल सहित अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर अशोक मालवीय, प्रहलाद धानक, लादूराम धुर्वे, अविनाश भारद्वाज, सुशील दुबे, राजनारायण बट्टी, जितेन्द्र दुबे, विजय कौशल, विकास जोशी, सुभाष मर्सकोले, दिनेश इवने आदि उपस्थित थे।

80 Views
What do you think?

Leave a Reply