माध्यमिक शाला का पुराना भवन तोड़ा, प्राथमिक शाला का भवन हुआ जर्जर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-नए सत्र में कहां बैठेंगे प्राथमिक, माध्यमिक शाला के विद्यार्थी

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम के रहटगांव रोड पर स्थित बालक प्राथमिक और माध्यमिक शाला भवन की कक्षाएं पूर्व अलग-अलग संचालित की जाती थी, जिनके भवन भी अलग अलग हैं। ऐसे में माध्यमिक शाला का भवन जर्जर होने से शिक्षा विभाग ने उसे डिस्मेंटल घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक शाला का भवन भी जर्जर हो गया है। जिसे भी जमींदोज कराने के लिए शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किए हैं। ऐसे में अब दोनों ही शालाओं के नए सत्र में विद्यार्थी कहां बैठेंगे। यदि पुराने प्राथमिक शाला भवन में विद्यार्थी बैठेंगे तो वह कभी भी विद्यार्थियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में दोनों ही शालाओं के विद्यार्थियों को बैठने के लिए कहीं कोई व्यवस्था नहीं है। इधर माध्यमिक शाला के नए भवन की राशि भी अभी तक स्वीकृत नहीं हुई है। जिस कारण पिछले 4 माह से टूटी पड़ी बिल्डिंग दोबारा नहीं बन पाई है। शिक्षा विभाग के कई प्राथमिक और माध्यमिक शाला के भवन जो वर्षों पुराने थे, उन्हें शिक्षा विभाग ने कंडम घोषित कर गिरा दिया है। अब नए भवन की स्वीकृति नहीं मिलने से नए सत्र में विद्यार्थियों को बैठने में परेशानी होगी । शिक्षा विभाग को इस ओर ध्यान देकर भवनों की स्वीकृति जल्द कराना चाहिए, जिससे विद्यार्थी नए भवनों में बैठ सके। फिलहाल प्राथमिक शाला के तीन नए कमरे बने हुए हैं, जिसमें 8 कक्षा के विद्यार्थियों को कैसे बैठाया जाएगा, यह सोचने की बात है। कक्षा पहली से लेकर कक्षा आठवीं तक लगभग स्कूल में 100 से अधिक विद्यार्थी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को कक्षों की कमी होने से परेशान होना पड़ेगा। अभी नए सत्र शुरू होने में लगभग 8 दिनों का समय है। इससे पहले शिक्षा विभाग को दोनों ही शालाओं के लिए कहीं कोई नई व्यवस्था करना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को सुचारू रूप से शिक्षा प्राप्त हो सके। इसी तरह करीबी ग्राम नांदवा में भी माध्यमिक शाला का भवन जर्जर हो चुका है। जिस कारण माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों को प्राथमिक शाला के भवन में पिछले 1 वर्ष से बैठाया जा रहा है। यहां पर भी अब तक भवन की राशि स्वीकृत नहीं हुई है। वन ग्राम खारी में प्राथमिक शाला का भवन नहीं होने से यहां पर भी विद्यार्थियों को बैठने की समस्या नए सत्र में होगी। शिक्षा विभाग को इस ओर ध्यान देकर जहां जहां भवन की समस्याएं आ रही है उन सभी जगह भवनों की कमी पूरी करना चाहिए।

इनका कहना है…
प्राथमिक शाला में निर्माण एजेंसी ने भवन नहीं बनाया है। जिसके चलते निर्माण एजेंसी पर रिकवरी भी निकली है और साथ ही एफआईआर भी की गई है। नए सत्र में जल्द भवन की व्यवस्था बनाई जाएगी। इसी तरह ग्राम सोडलपुर के माध्यमिक शाला और प्राथमिक शाला भवन की स्वीकृति भी इस नए सत्र में मिल जाएगी। यदि जरूरत पड़ेगी तो हाईस्कूल की बिल्डिंग में व्यवस्था डीओ से चर्चा कर बनाई जाएगी। नांदवा की अभी मुझे जानकारी नहीं है।
मुकेश द्विवेदी, डीपीसी हरदा

Views Today: 2

Total Views: 302

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!