अनोखा तीर, हरदा। पिछले महीने कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम जितनी हड़बड़ी से राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए थे। ठीक उसी तरह अब इन कक्षाओं में एक-दो विषय में फेल विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का दोबारा मूल्याकंन कराया जा रहा है। शिक्षकों को सिर्फ चार-पांच दिन में कापी जांचने पर जोर दिया है। इसके साथ ही मूल्यांकनकर्ताओं को तुरंत विषयों के अंक पोर्टल पर भी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह कि मुख्य परीक्षा में जिन शिक्षकों ने ये कापियां जांची थीं। उन्हें पुनर्मूल्यांकन करने से रोक दिया है।
राशिके ने भी मानी त्रुटियां
राज्य शिक्षा केंद्र भी मानता है कि छात्रों के अर्द्धवार्षिक परीक्षा एवं प्रोजेक्ट कार्य के अंकों की प्रविष्टि पोर्टल पर नहीं की गई है। इससे अनेक छात्र अनुत्तीर्ण हुए है। परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी होने से राज्य शिक्षा केंद्र ने मेरिट विद्यार्थियों की सूची भी जारी नहीं की।वहीं रिजल्ट में अनेक विद्यार्थियों को एक या दो विषय में फेल कर दिया। कई विद्यार्थियों को तो 2 से 3 नंबर ही दिए गए। यहां तक कि अनेक निजी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को फेल कर दिया। यह भी सामने आया है कि हिन्दी विषय पढ़ाने वाले शिक्षकों से अंग्रेजी की कापियां जंचवाई गई। इस तरह की गड़बड़ी होने से सैंकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य दाव पर लग गया।
पुनर्मूल्यांकन में भी जल्दबाजी
पांचवीं-आठवीं के परीक्षा परिणाम में कम प्रतिशत रिजल्ट रहने के बाद स्कूलों के दवाब से केंद्र ने पुनर्मूल्याकंन की व्यवस्था की। मगर उसमें भी हड़बड़ी में आदेश जारी कर दिया है। अब राशिके ने हायर स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों को कापियां जांचने को कहा है। इसके लिए केंद्र ने महज पांच दिनों का समय दिया है। 26 से 30 मई के बीच शिक्षकों को मूल्यांकन करना है। एक मूल्यांकनकर्ता को एक दिवस में अधिकतम 40 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित होगी। पुनर्मूल्यांकन पश्चात संशोधित अंकों की प्रविष्टि भी पोर्टल पर पूर्व निर्धारित प्रक्रिया अनुसार की जाना है। यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विद्यार्थी को पूर्व में प्रदाय अंकों को कम नहीं किया जाएगा।
सील्ड पैक भेजना है कापियां
समस्त उत्तर पुस्तिकाओं के सील्ड पैकेट मूल विकासखंडों में दिनांक 3 जून तक अनिवार्य रूप से पहुंचना है। उसके बाद कापी विद्यार्थियों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई जा सकें। मामले में केंद्र ने आदेश जारी कर दिया है।
Views Today: 2
Total Views: 202

