Skip to content
Monday, 12 October 2026
हरदा

बिजली प्रदाय सुचारू हो, वरना करेंगे उग्र आंदोलन : पंवार

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी डेलीगेट लक्ष्मीनारायण पंवार ने विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर सोनतालाई सर्विस स्टेशन से विद्युत प्रदाय की समस्याओं से अवगत कराया है। श्री पंवार द्वारा प्रेषित पत्र में बताया गया कि सोनतालाई सर्विस स्टेशन लगभग डेढ़ माह से बिना किसी ऑपरेटर और लाईनमैन के भगवान भरोसे संचालित किया जा रहा है, जिसके चलते सर्विस स्टेशन से जुड़े 25 गांवों में विद्युत प्रदाय प्रभावित हो रहा है। अघोषित बिजली कटौती के साथ-साथ कई बार 24 से 36 घंटों तक लगातार बिजली काट दी जाती है, जिसके चलते इस भीषण गर्मी में क्षेत्रवासियों को पानी सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए जनरेटर का उपयोग करना पड़ रहा है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार ने बताया कि कृषि मंत्री कमल पटेल के समर्थक फिटर के कर्मचारियों से अभद्रता करते है, जिसके चलते कर्मचारी यहां ड्यूटी पर नहीं रहते और सर्विस स्टेशन अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ता जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों के ड्यूटी पर न होने से क्षेत्र में बिजली कटौती एवं आपूर्ति का कोई समय तय नहीं रह गया। पूरे क्षेत्र में हजारों किसान एवं ग्रामीणजन इस भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति का उचित सिस्टम न होने से परेशान है। श्री पंवार ने विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक को पत्र के माध्यम से सर्विस स्टेशन की अव्यवस्थाओं को सुधार कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। श्री पंवार ने बताया कि, अगर जल्द ही सोनतालाई सर्विस स्टेशन की उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हम क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीणजनों के साथ उग्र आंदोलन करेंगे।

91 Views
What do you think?

Leave a Reply