अनोखा तीर, हरदा। जिले को उसके अधिकार का पानी नहीं मिलने पर भाकिसं ने आज नहर विभाग के अधीक्षण यंत्री आरआर मीणा का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी भी की। भारतीय किसान संघ के जिला जल संसाधन विभाग प्रभारी दीपचंद नवाद ने बताया कि सिवनी मालवा के अधिकारी 24000 हेक्टेयर के लिए 1861 क्यूसेक पानी ले रहे हैं, वही हरदा जिले के 37760 हेक्टेयर के लिए मात्र 1462 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। सिवनी मालवा को हरदा की तुलना में दोगुना पानी दिया जा रहा है, तो सिंचाई विभाग के जवाबदार अधीक्षण यंत्री आरआर मीणा जल वितरण व्यवस्था में क्या देख रहे हैं, जबकि अभी तवा डैम से 19 दिन नहर में पानी और चलाया जा सकता है। यदि मंगलवार २३ मई सुबह 8 बजे तक हरदा जिले को उसके अधिकार का पानी नहीं दिया गया तो दोपहर 4 बजे से भारतीय किसान संघ द्वारा जिला केंद्र पर कोई बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुतला दहन के दौरान भारतीय किसान संघ के संभागीय मंत्री विनोद पाटिल, महेश शर्मा, विजय मलगाया, दीपचंद नवाद, रेवाशंकर दोगने, रामकृष्ण राजपूत, सियाराम गौर, संतोष पाटिल, मधु पाटिल, मनोज गौर, कुंवरसिंह, अरविंद चौधरी, राहुल बांके, श्रीकृष्ण पटेल, उमाशंकर मलगाया, रूपक चौधरी, विष्णु यदुवंशी, रामशंकर यदुवंशी सहित सैकड़ों संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







