Skip to content
Monday, 12 October 2026
हरदा

तेज गर्जनाओं के साथ हवा-आंधी का दौर

3 min read
Text Size:

अधि. 42 – न्यू. 27 डिग्री तापमान …..

 क्षेत्र में मौसम की आंखमिचौली का दौर जारी है। गर्मी के दिनों में रह-रह कर बारिश का मौसम बन रहा है। ऐसा ही कुछ नजारा सोमवार शाम को देखने को मिला। जब, तेज गर्जनाओं के साथ हवा-आंधी तथा काले घने बादलों ने बारिश की संभावनाओं को बल दे दिया। हालांकि हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम टल गया। परंतु आसमां में घने बादल तथा बिजली की गर्जनाएं होती रहीं।  

 

अनोखा तीर, हरदा। चिलचिलाती धूप तथा उमस भरी गर्मी के बीच सोमवार शाम को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। आसमान में घने काले बादल छा गए, वहीं तेज गर्जनाओं के साथ हवा-आंधी का दौर शुरू हो गया, जो करीब डेढ़ घंटा यानि शाम साढ़े 6 तक जारी रहा। इसके बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई। जिससे लोगों को तीखी उमस से निजात मिला। हालांकि आसमान में बादल का डेरा बरकरार रहा। जिससे रात्रि में हल्की बारिश के आसार बने रहे। वहीं रह-रह कर बिजलाव व तेज गर्जनाएं होती रहीं। जानकारी के अनुसार सोमवार को हर रोज की अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान २७ डिग्री रहा। जिसके चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। यहां तक की गर्मी के कारण सड़क पर बिछा डामर भी पिघलने लगा है। ऐसी जगहों पर टायरों के ताजा निशान भीषण गर्मी पर मुहर लगा रहे हैं। इधर, बार-बार मौसम बदलने की वजह से अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसका अंदाजा ओपीडी तथा चिकित्सकों के चेंबर के बाहर मरीज व उनके परिजनों की लंबी कतार से लगाया जा सकता है।

दोपहर सबसे ज्यादा गर्म

गर्मी के मौसम में तापमान दिनों दिन बढ़ रहा है। जिसके चलते आम जनमानस को गर्मी का अहसास हुआ है। बता दें कि सुबह 9 बजे से तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। हर दो घंटे के बाद 4 से 5 डिग्री तापमान बढ़ना दर्ज हुआ है।

3 बजे से गर्मी का उतार

इधर, दोपहर में तापमान 42 डिग्री पहुंच रहा है, जो दोपहर 2 बजे तक जस का तस रहता है। लेकिन 3 बजे से तापमान धीरे-धीरे खिसकने लगता है। रात्रि में भी हर दो घंटे के अंतराल में 2 से 3 डिग्री तापमान कम होना दर्ज हुआ है।

 

 

लू व गर्म लपट से खुद को बचायें : सिविल सर्जन

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ मनीष शर्मा ने जनता से एहतियात बरतने को कहा है। उन्होंनें सलाह जारी करते हुए कहा कि सुबह-शाम ठंडे समय में अपने आवश्यक कार्य पूर्ण कर लें। वहीं शेष समय में अति आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही गर्मी से बचाव के प्रमुख उपायों पर अमल करें। लू व गर्म लपट से खुद को सुरक्षित रखें। जहां तक हो सकें आंखों पर चश्मा तथा सिर और चेहरा कपड़े से ढ़कना फायदेमंद है।

मॉल का प्लास्टिक शेड धराशायी

सोमवार की शाम तेज हवा आंधी चलने से नेताजी सुभाषचंद्र बोस बस स्टैंड के पास स्थित जीपी मॉल में प्लास्टिक का शेड धराशायी हो गया। इससे एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार तेज हवा-आंधी चलने से माल की छत में लगी प्लास्टिक शीट गिर गई। इससे एक महिला ज्योति बाफना को गंभीर चोट आई। महिला को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाकर भर्ती कराया गया है।

72 Views
What do you think?

Leave a Reply