-उपभोक्ता घर बैठे कर सकेंगे शिकायत दर्ज
अनोखा तीर, हरदा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए विभिन्न ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से उपभोक्ता बिजली से जुड़ी समस्याओं की शिकायत आसानी से दर्ज करा सकेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों की तत्काल सूचना मिलने से उनके निराकरण की प्रभावी निगरानी भी की जा सकेगी। कंपनी के अनुसार, उपभोक्ता उपाय एप (गूगल प्ले स्टोर/आईओएस एप स्टोर), कंपनी के पोर्टल अथवा कॉल सेंटर के हेल्पलाइन नंबर 1912 के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज कराते समय फोटो एवं लोकेशन अपलोड करने के लिए आवश्यक लिंक एसएमएस के जरिए उपलब्ध कराया जाता है।
संपर्क अभियान के तहत 23,805 शिकायतों का निराकरण
कंपनी द्वारा अप्रैल 2026 से संपर्क अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक वितरण केंद्र पर प्रतिदिन तीन कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से विद्युत प्रदाय एवं बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 180 संपर्क अभियान कैंप लगाए गए, जिनमें 23909 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 23,805 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जा चुका है। शेष शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है। अक्टूबर माह में अभी 10 संपर्क अभियान कैंप आयोजित किए जाना शेष हैं। माहवार प्राप्त शिकायतों के अनुसार, मई में 8,508, जून में 4,145, जुलाई में 3,489, अगस्त में 3,416, सितंबर में 2,715 और अक्टूबर में अब तक 1,636 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें क्रमश: 8,508, 4,145, 3,489, 3,416, 2,715 और 1,532 शिकायतों का निराकरण किया गया है।
जन विश्वास अभियान में भी शिकायतों का समाधान
मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत भी कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अक्टूबर 2026 तक कुल आठ कैंप लगाए गए, जिनमें बिजली से संबंधित 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 26 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जा चुका है। आगामी महीनों में भी जनसंपर्क कैंप आयोजित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बिजली संबंधी सुरक्षा का रखें ध्यान
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली के तार टूटने, विद्युत पोल झुकने, खुले बिजली के तार, स्पार्किंग अथवा अन्य विद्युत सुरक्षा संबंधी समस्याएं दिखाई देने पर स्वयं सुधार करने का प्रयास न करें और न ही बिजली की लाइन या उपकरणों को छूएं। ऐसी स्थिति में तुरंत कंपनी को शिकायत दर्ज कराएं, ताकि विद्युत लाइनों एवं उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए समस्या का त्वरित निराकरण किया जा सके। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह उपभोक्ताओं की विद्युत प्रदाय एवं बिल संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
बिजली संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण






