अनोखा तीर, टिमरनी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाऊ साहेब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय में पॉलीथिन उन्मूलन तथा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, पॉलीथिन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर विशेष चर्चा की गई। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. प्रदीप जांगिड़ ने पॉलीथिन के उपयोग से होने वाली बीमारियों, पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों एवं स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक एवं अनियमित उपयोग से मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि रात्रि के समय मोबाइल का उपयोग ज्यादा हानिकारक है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टिमरनी से पधारे परामर्शदाता दीपक गौर ने मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले विभिन्न कारणों तथा उनसे बचाव और निदान के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। मेंटल हेल्थ क्लब की प्रभारी सुश्री मीनाक्षी यादव ने बच्चों को गुस्से से होने वाले नुकसान के बारे में बताया तथा गुस्से पर नियंत्रण रखने और सकारात्मक व्यवहार अपनाने के उपाय समझाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. जैन ने विद्यार्थियों से पॉलीथिन का न्यूनतम उपयोग करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने तथा समाज में मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गेश नंदिनी अग्रवाल ने किया तथा आभार डॉ. अभिषेक नागपुरे ने व्यक्त किया।
पॉलीथिन उन्मूलन एवं विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम






