Skip to content
Monday, 12 October 2026
हरदा

जन-सेवा अभियान के द्वितीय चरण की सभी आवश्यक तैयारियां करें : कलेक्टर

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 10 से 25 मई तक आयोजित होगा। इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। सीएम हेल्पलाइन में 15 अप्रैल तक दर्ज सभी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें तथा लोक सेवा केन्द्रों से निर्धारित सेवाएं समय सीमा में उपलब्ध कराई जाएं। यह निर्देश कलेक्टर ऋषि गर्ग ने सोमवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डी.के. सिंह, सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोक सेवक समस्या निवारण शिविर में प्राप्त कर्मचारी अधिकारियों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में उपस्थित जनसेवा मित्रों को निर्देशित किया कि आम आदमी को सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं और किस योजना का लाभ लेने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज आवेदन के साथ लगाए जाएंगे तथा कहां आवेदन करना होगा, यह भी नागरिकों को बताएं। उन्होने जनसेवा मित्रों से कहा कि वे प्रशासन और नागरिकों के बीच में सेतु का कार्य करें। सभी कार्यालयों में जनसेवा अभियान संबंधी हेल्प डेस्क प्रारम्भ करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री गर्ग ने दिए। उन्होने सभी अधिकारियों से कहा कि वे 10 से 25 मई के बीच प्रतिदिन अपने विभाग के समस्या निवारण शिविर आयोजित कर समस्याओं का निराकरण करें। जिला पंचायत के सीईओ श्री सिसोनिया ने इस अवसर पर कहा कि जनसेवा मित्रों ने लाड़ली बहना योजना के पंजीयन में सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए उन्होंने सराहनीय कार्य करने वाले जनसेवा मित्रों को प्रशस्ति पत्र वितरित कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी को दिए।

286 Views
What do you think?

Leave a Reply